राजस्थान के सालासर धाम की यात्रा पर निकले मुक्तसर के श्रद्धालुओं को एक दुर्घटना का सामना करना पड़ा। रावतसर के पास एक तेज रफ्तार कार ने श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हुए। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया और शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डाक ध्वजा लेकर पैदल यात्रा पर निकला था श्रद्धालुओं का जत्था शनिवार रात को मुक्तसर से डाक ध्वजा लेकर पैदल यात्रा पर निकला था। सोमवार सुबह करीब 4 बजे धन्नासर और रावतसर के बीच श्रद्धालु ध्वजा का आदान-प्रदान कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। कार ड्राइवर नींद में होने के कारण यह हादसा हुआ। एक ने इलाज दौरान तोड़ा दम जानकारी के अनुसार तिलक नगर के 40 वर्षीय कपिल अरोड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। भट्टे वाली गली के 45 वर्षीय सरकारी टीचर अशोक कुमार को मलोट अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई। बागवाली गली निवासी सुनील को गंभीर हालत में बठिंडा रेफर किया गया है। दो अन्य श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आई हैं। अशोक कुमार के दो छोटे बच्चे पांच वर्ष का बेटा और ढाई वर्ष की बेटी है। कपिल अरोड़ा के भी एक पांच वर्षीय बेटा है। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


