कोडरमा में सोमवार को एक दुखद सड़क हादसे में निजी बैंक कर्मचारी की मौत हो गई। चंदवारा थाना क्षेत्र के जामुखाड़ी में शाम 4 बजे यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान कोडरमा के तीनतारा निवासी विवेक सिंह (28) के रूप में हुई है। विवेक हजारीबाग के बरही स्थित एक निजी बैंक में काम करते थे। वह बरही से कोडरमा अपने घर लौट रहे थे। हेलमेट उछलकर दूर जा गिरा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज बारिश के कारण बाइक का पहिया फिसल गया। बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में विवेक का हेलमेट उछलकर दूर जा गिरा और उनका सिर डिवाइडर से टकरा गया। सिर पर लगी गंभीर चोट के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चंदवारा थाना प्रभारी धनेश्वर कुमार ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेजा गया है। मृतक के पिता राजेंद्र सिंह को घटना की सूचना दे दी गई है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


