बिलासपुर के दो स्टेडियम बिजली के बिना बेकार:18 करोड़ की लागत से बने स्पोर्ट्स कांप्लेक्स और पिंक स्टेडियम में खेल गतिविधियां ठप

बिलासपुर में 18 करोड़ रुपए की लागत से बने दो प्रमुख खेल परिसरों में बिजली नहीं होने से खेल गतिविधियां पूरी तरह से रुकी हुई हैं। इनमें से 14.60 करोड़ के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 23 नवंबर 2024 को किया था। वहीं, 4.24 करोड़ के छत्तीसगढ़ के पहले पिंक स्टेडियम का लोकार्पण उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने 13 मार्च 2024 को किया था। दैनिक भास्कर की पड़ताल में सामने आया कि, दोनों स्टेडियम में बिजली कनेक्शन नहीं होने से लाखों रुपए का नुकसान हो रहा है। इसके विपरीत, सरकारी हाई स्कूल में 15 करोड़ की लागत से बने मिनी स्टेडियम से अच्छी आय हो रही है। मुख्यमंत्री द्वारा 24 नवंबर 2024 को उद्घाटित इस स्टेडियम ने मात्र पांच महीने में 15 लाख रुपए की आय अर्जित की है। 12 एकड़ में फैले मिनी स्टेडियम में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पवेलियन और भवन के साथ चारों ओर सड़क और मैदान में ड्रेनेज सिस्टम मौजूद है। यहां क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी समेत अन्य इनडोर और आउटडोर खेलों की सुविधाएं उपलब्ध हैं। बिजली की समस्या जल्द हल होगी- कमिश्नर नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने दैनिक भास्कर को बताया कि, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, संजय तरण पुष्कर में एलटी लाइन थी, अधिक लोड के कारण बार बार बिजली बंद होने की समस्या थी। अब एलटी लाइन लगाने के लिए सीएसईबी को आवेदन किया जा चुका है। इसके बाद इसका संचालन जिला फिजिकल कल्चरल सोसाइटी को सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि पिंक स्टेडियम में बिजली लाइन थी लेकिन तार चोरी की शिकायत मिली थी, कालेज की छुट्टियां हैं इसलिए अभी खेल गतिविधियां नहीं हो रही होंगी। उन्होंने बताया कि एलआईसी यहां राज्य स्तरीय टूर्नामेंट करा चुकी है। उन्होंने बताया कि मिनी स्टेडियम में लगातार खेलकूद हो रहे हैं और 2 महीने के लिए यह बुक हो चुका है। जानिए स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में क्या सुविधाएं हैं तिमंजिले स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में बेसमेंट पार्किंग, ग्राउंड फ्लोर में रिसेप्शन और रेस्टोरेंट संचालित करने का प्रावधान है। इसके प्रथम तल में बैडमिंटन, स्क्वैश कोर्ट, टेबल टेनिस, स्नूकर, बिलियर्ड्स जैसे खेलों की सुविधा है। द्वितीय तल में मल्टीपरपज हॉल, योगा की सुविधा है। वहीं पिंक स्टेडियम में एथलेटिक ट्रैक, इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, बास्केटबाल कोर्ट, वालीबाल कोर्ट, कबड्डी मैदान, इंडोर जिम, चेंजिंग रूम, मल्टीएक्टीविटी हाल ,स्टेज और दो जगह दस-दस की संख्या में टायलेट बनाए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *