भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर नवा रायपुर अटल नगर के इंद्रावती भवन के पास कैपिटल कॉम्प्लेक्स एरिया में अम्बेडकर जयंती मनाई गई। तय किया गया है कि यहां नवा रायपुर में बनकर तैयार हो रही छत्तीसगढ़ विधानसभा की बिल्डिंग के उद्घाटन पर इंद्रावती भवन के सामने स्थित अंबेडकर चौक में संविधान निर्माता डॉ बाबासाहेब अंबेडकर की अष्टधातु वाली विशाल प्रतिमा का भी अनावरण किया जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य अधिकारी कर्मचारी फैडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने बताया कि शासन से इस संबंध में तत्पर पहल करने के लिए हरसंभव प्रयास किये जाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। अम्बेडकर चौक के समीप गरिमापूर्ण रैली निकाली गई । रैली में भारतीय संविधान के जयघोष के साथ जय भीम के नारे लगाये गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर को सामाजिक न्याय का प्रतीक, दलितों और वंचितों के अधिकारों के संरक्षक तथा भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार के रूप में याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने केवल एक नेता के रूप में नहीं, बल्कि एक विचारधारा के रूप में कार्य किया, जिसकी प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। संयुक्त आयोजन समिति के संयोजक देवलाल भारती और पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नवा रायपुर के नागरिकों को डॉ. अंबेडकर के विचारों से जोड़ना और सामाजिक समरसता की भावना को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में सहभागिता कर रहे लोगों ने अंबेडकर जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प भी लिया। मुख्य अतिथि रायपुर संभाग के आयुक्त महादेव कावरे ने संविधानिक आदर्शों के पालन हेतु सभी को सपथ दिलाई। अम्बेडकर जी के जातिविहीन समाज की परिकल्पना के बारे में बताया और कहा कि उनके विचारों को जनजन तक पहुंचाए। भू सम्पदा विनियामक प्राधिकरण के सदस्य धनंजय देवांगन ने संविधान में वर्णित सामाजिक आर्थिक स्वतंत्रता के संबंध में विचार व्यक्त किया। विभागीय जांच आयुक्त दिलीप वासनीकर ने संविधान के विभिन्न अनुच्छेदों के बारे में जानकारी दी। जनसंपर्क के अपर संचालक आलोक देव ने बौद्ध अर्थशास्त्र के बारे अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर जंगल सफारी के संचालक धम्मशील गनवीर, छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा, अपाक्स के अध्यक्ष सत्येंद्र देवांगन, प्रगति शील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के अध्यक्ष आर पी भतपहरी, संरक्षक विनोद भारती, मुक्त नंद खूंटे,एस आर टंडन सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।


