गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारी बैठक:राजेश पायलट स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय समारोह, सम्मानित होने वाले के नाम 22 जनवरी तक भेज सकेंगे

दौसा जिला मुख्यालय सहित जिले में गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुमित्रा पारीक ने कहा कि जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह राजेश पायलट स्टेडियम में पूर्ण हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए सभी विभागीय अधिकारी संबंधित कार्यों को तय समय सीमा मे पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें। तैयारियों से संबंधित बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि समारोह में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित आमजन भाग ले सकेंगे। मुख्य समारोह में पुलिस, आरएसी, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट गाइड की विभिन्न टुकड़ियां परेड में शामिल होंगी। कार्यक्रम में प्रवेश, बैठक व्यवस्था, परेड, शरीरिक व्यायाम, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकियों का प्रदर्शन सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा प्रातः 9.05 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा पुलिस बैण्ड द्वारा राष्ट्रीय धुन पर गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। मुख्य अतिथि परेड़ का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। समारोह में महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन किया किया जाएगा। इस दौरान मुख्य अतिथि द्वारा शहीद सैनिकों के आश्रितों का सम्मान किया जाएगा। वीरांगनाओं को लाने व ले जाने का कार्य संबंधित तहसीलदार द्वारा करवाया जाएगा। वहीं कलक्टर निवास पर प्रातः 8 बजे तथा कलेक्ट्रेट कार्यालय भवन पर 8.30 बजे जिला कलक्टर द्वारा झण्डारोहण किया जाएगा। जबकि इसी दिन समस्त सरकारी भवनों एवं शिक्षण संस्थाओं पर संबंधित कार्यालय अध्यक्षों द्वारा निर्धारित समय प्रातः 8 बजे झण्डारोहण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों के नाम पुरस्कार के लिए समिति को 22 जनवरी तक भिजवाए जा सकते हैं। बैठक में जिला परिषद सीईओ नरेन्द्र कुमार मीना, एडीएम लालसोट मनमोहन मीना, एएसपी (महिला अनुसंधान) गुरूशरण राव, एसडीएम मूलचन्द लूणिया, तहसीलदार लोकेन्द्र, सीएमएचओ डॉ सीताराम मीना, नगर परिषद एक्सइएन कैलाश चन्द मीना, संयुक्त निदेशक कृषि प्रदीप कुमार अग्रवाल, सहायक निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता श्याम सुन्दर शर्मा, डीएसओ हितेश मीना सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *