कोटा शहर के महावीर नगर थाना क्षेत्र में जहर खाने से एक युवक की मौत हो गई। युवक के परिजनों ने पत्नी और ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। फिलहाल मौत का कारण सामने नहीं आया है। महावीर नगर थाना ASI महावीर प्रसाद ने बताया- युवक अंकित (37) रंगबाड़ी योजना का रहने वाला था। उपभोक्ता में प्रमोटर था। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक के बड़े भाई अमित ने बताया- अंकित की 7-8 साल पहले गुमानपुरा में काजल से शादी हुई थी। पति-पत्नी के बीच कुछ समय से अनबन चल रही थी। पिछले एक महीने से भाई की पत्नी अपने मायके में रह रही थी। शुक्रवार रात को अंकित मम्मी को लेकर मेरे घर बालाजी नगर में आया था। रात सवा 11 बजे के करीब मम्मी और भाई अंकित चाय पीकर वापस घर गए। अंकित ऊपर अपने कमरे में चला गया। मम्मी नीचे कमरे में थी। थोड़ी देर बाद अंकित की पत्नी अपने भाई को लेकर घर पहुंची। उनके साथ दो अन्य भी थे। वो सभी आते ही अंकित के कमरे में चले गए। अंदर से गेट लगाकर अंकित को टॉर्चर किया। थोड़ी देर बाद सभी वापस चले गए। उनके जाने के बाद मम्मी ने ऊपर जाकर देखा तो अंकित उलटियां कर रहा था। उसे हॉस्पिटल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। भाई ने अंकित को पत्नी और उसके ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।


