दूल्हे की कार ने 10 लोगों को मारी टक्कर:ड्राइवर नीचे उतर डीजे पर डांस करने लगा; दूसरे युवक ने अचानक स्टार्ट कर दी कार

अलवर में दूल्हे की कार ने 10 लोगों को टक्कर मार दी। हादसे से पहले ड्राइवर नीचे उतर डीजे पर डांस करने लगा था। शराब के नशे में किसी दूसरे युवक ने कार स्टार्ट कर दी। मामला जिले के ब​हतूकला थाना क्षेत्र के जाडला गांव में रविवार देर रात का है। घायलों को कठूमर और लक्ष्मणगढ़ के हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां से गंभीर घायलों को अलवर के सरकारी हॉस्पिटल में रेफर किया गया है। हिसार से आई थी बारात, दुल्हन के घर जा रही थी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारात हिसार से आई थी। दूल्हे की कार डीजे के पीछे चल रही थी। इसी दौरान ड्राइवर गाड़ी की चाबी अंदर ही छोड़कर डीजे पर नाचने लगा। इसी दौरान शराब के नशे में एक युवक ने गाड़ी को स्टार्ट कर दिया। इस पर कार अनियंत्रित हो गई और स्पीड में भीड़ में पहुंच गई। गाड़ी की चपेट में आने से बच्चे, महिला और पुरुष भी घायल हो गए। हादसे में लिली, कश्मीरा, उर्मिला, नरेश, लोकेश, राजेश और पूनी सहित करीब 10 जने घायल हो गए। लोकेश की कमर में गंभीर चोट आई है। वहीं 70 साल की पूनी के सिर में गहरी चोट लगी है। 26 वर्षीय राजेश को सिर, हाथ, पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल कठूमर और लक्ष्मणगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत वालों को अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया। ग्रामीण सोनू ने बताया कि हादसे के वक्त सभी लोग सड़क से दूर खड़े थे, लेकिन कार ने सबको चपेट में ले लिया। घटना के बाद नजदीकी पुलिस मौके पर पहुंची।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *