एफआईआर दर्ज:महाकाल दर्शन के नाम पर रुपए लेने वाले दो कर्मचारियों पर केस

श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से रुपए ऐंठने वाले मंदिर प्रबंध समिति के दो कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। महाकाल थाना पुलिस ने मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल की शिकायत पर सफाई निरीक्षक विनोद चौकसे और दर्शन प्रभारी राकेश श्रीवास्तव के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। इधर, कलेक्टर नीरजकुमार सिंह ने कहा कि कुछ शिकायतें प्राप्त हुई थी कि मंदिर में राशि लेकर दर्शन करवाए जा रहे हैं। ये दोनों कर्मचारी इससे जुड़े हैं। जो कि रसीद काटे बगैर श्रद्धालुओं से अधिक राशि लेकर उन्हें विभिन्न मार्गों से भीतर ले जाकर दर्शन करवाते थे। इनके खातों की जांच भी करवाई जा रही है। पता चला है कि इन कर्मचारियों के परिजनों के खातों में भी कुछ ट्रांजेक्शन होता आया है। मंदिर के सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं। आशंका है कि इस गड़बड़ी में कुछ और लोग भी शामिल पाए जाएंगे। हाल ही में कलेक्टर सुबह 7 बजे मंदिर पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें नंदी हॉल में यूपी व गुजरात के 10 श्रद्धालु नजर आए। जब उनसे पूछा कि वे नंदी हॉल तक कैसे आए तो उन्होंने बताया था कि उनसे प्रत्येक से 1100 रुपए लेकर पुरोहित व पुरोहित प्रतिनिधि उन्हें यहां लाए हैं। इस पर कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पुरोहित अजय शर्मा, पुरोहित प्रतिनिधि राजेश भट्‌ट, नंदी मंडपम् के सुरक्षाकर्मी विकास, संदीप, करण और कन्हैया को निलंबित कर दिया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *