सत्ता के नशे में चूर लोग हमारी नहीं सुनते: पायलट:कहा- वसुंधरा की सुनी जा रही, एक शिकायत पर दिल्ली तक हड़कंप, प्रदेश का दौरा करें

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने कहा कि हम विपक्ष में हैं। सत्ता के नशे में चूर लोग हमारी नहीं सुन रहे हैं, लेकिन कम से कम वसुंधरा राजे की सुनी जा रही है तो उनको प्रत्येक संभाग का दौरा करना चाहिए। वसुंधरा की पानी को लेकर की गई शिकायत पर दिल्ली में हड़कंप मच गया और अधिकारी को एपीओ कर दिया गया। झालावाड़ जिले के रतनपुरा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए पायलट ने मीडिया से बातचीत में यह बात कही। पायलट ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रभावशाली लोग दलितों और कमजोर वर्ग पर अत्याचार कर रहे हैं। अलवर की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि नेताओं के मंदिर जाने पर दलित मानकर शुद्धिकरण किया जा रहा है। बीकानेर में बाबा साहेब का अपमान हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन का आम जनता के साथ व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है। राजे को प्रदेश का दौरा करना चाह‍िए पायलट ने कहा कि वसुंधरा राजे ने झालावाड़ के एक अधिकारी की शिकायत की तो दिल्ली में हड़कंप मच गया और अधिकारी को एपीओ कर दिया गया। हम विपक्ष में हैं, सत्ता के नशे में चूर लोग हमारी नहीं सुन रहे हैं, लेकिन कम से कम वसुंधरा राजे की सुनी जा रही है, तो उनको झालावाड़ के अलावा प्रत्येक संभाग का दौरा करना चाहिए, क्योंकि वह 2 बार राजस्थान की मुखिया रह चुकी हैं। हम प्रत्येक दबे-कुचले और शोषित व्यक्ति के साथ आज देश में बेरोजगारी और महंगाई बढ़ रही है। अमेरिका टैरिफ लगा रहा है। देश का युवा बेरोजगार घूम रहा है। किसान परेशान हैं। परीक्षाओं में घोटाले हो रहे हैं। ऐसी सभी बातों से ध्यान भटकने के लिए सत्ता में बैठे लोग रोज नई-नई चाल चल रहे हैं, लेकिन जनता अब सब समझने लगी है। कांग्रेस की जिम्मेदारी बनती है और राहुल गांधी ने भी कहा है कि हम प्रत्येक दबे-कुचले और शोषित व्यक्ति के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और उसके लिए संघर्ष करते रहेंगे। कांग्रेस संगठन को करेंगे मजबूत पायलट ने कहा कि वर्ष 2025 कांग्रेस के लिए संगठन का साल है। संगठन को मजबूत किया जाएगा। मंडल और जिला इकाइयों को मजबूती प्रदान की जाएगी। प्रत्याशियों के चयन के लिए विचारधारा को व्यापक बनाने के लिए और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए राज्य से लेकर केंद्र तक कार्यक्रम चलाए जाएंगे। सत्ता किसी की भी हो, लेकिन जनता कांग्रेस से उम्मीद करती है। आए दिन देश में जो घटनाएं हो रही हैं, चाहे वह मंदिर मस्जिद के नाम पर हो, चाहे हिंदू मुसलमान के नाम पर, यह सब लोगों का ध्यान भटकाने के लिए है। एमपी के विधायक के परिवार की शादी में हुए शामिल पायलट मध्यप्रदेश के सुसनेर विधानसभा क्षेत्र से विधायक भैरों सिंह परिहार के परिवार की शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के विधायक और कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पायलट हेलिकॉप्टर से रतनपुरा पहुंचे और नवदंपती को आशीर्वाद देने के बाद टोंक के लिए रवाना हो गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *