पति-पत्नी में कहासुनी हुई, महिला ने खुद को आग लगाई:बाजार से सब्जी लाने की बात पर हुआ था विवाद; इलाज के दौरान दम तोड़ा

धौलपुर में पति बाजार से सब्जी खरीदकर नहीं लाया तो पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में पत्नी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और डीजल छिड़क कर आग लगा ली। पति और उसके परिजन महिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। मामला सैपऊ थाना इलाके के कैंथरी गांव का है। पति सब्जी नहीं लाया तो पत्नी से हुई कहासुनी
महिला के पति रघुवीर सिंह ने बताया- मैं ऑटो चलाता हूं। मेरी पत्नी लक्ष्मी (24) ने बाजार से सब्जी मंगाई थी, लेकिन मुझे सब्जी खरीदना याद नहीं रहा। रविवार रात करीब 10 बजे मैं घर पहुंचा तो लक्ष्मी ने सब्जी के बारे में पूछा। मैंने याद नहीं रहने की बात कही तो दोनों में कहासुनी हो गई। पत्नी ने खुद पर डीजल छिड़क कर लगाई आग
रघुवीर ने बताया- कहासुनी होने पर गुस्से में लक्ष्मी कमरे में चली गई और कमरा अंदर से बंद कर दिया। लक्ष्मी ने अपने शरीर पर डीजल छिड़क कर आग लगा ली। आग की लपटें देखी तो मैं दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंचा और आग बुझाई। इसके बाद परिजनों के साथ मिलकर लक्ष्मी को जिला अस्पताल पहुंचाया। सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने लिया महिला का पर्चा बयान
हेड कॉन्स्टेबल प्रेम सिंह ने बताया- रविवार रात को सूचना मिली कि एक महिला ने खुद के शरीर पर डीजल छिड़क कर आग लगा ली। महिला को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल पहुंचकर महिला के पर्चा बयान लिए गए। महिला ने बताया- मेरे और मेरे पति के बीच में कहासुनी हो गई थी। मैंने गुस्से में आकर कमरे में रखा डीजल शरीर पर छिड़का और आग लगा ली। मुझे किसी ने नहीं उकसाया। प्रेम सिंह ने बताया- सुबह महिला की मौत का पता चला। इसके बाद घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। इसके बाद अस्पताल पहुंचकर शव को मॉर्चुरी में रखवाया। परिजनों से रिपोर्ट मिलने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। मामले में हर एंगल पर बारीकी से जांच की जा रही है। 6 साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार लक्ष्मी निवासी सिकंदरपुर, आगरा (उत्तर प्रदेश) की शादी 6 साल पहले रघुवीर सिंह के साथ हुई थी। दोनों के 2 बेटे और 1 बेटी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *