5 साल से फरार पॉक्सो मामले का आरोपी गिरफ्तार:गुजरात के अंकलेश्वर से डिटेन किया; फुटपाथ पर भिखारी की हालत में मिला

पॉक्सो मामले में 5 साल से फरार एक आरोपी गुजरात में फुटपाथ पर भिखारी की हालत में मिला। मामला नागौर के पौचौड़ी थाना का है। पुलिस ने फरार आरोपी को गुजरात के अंकलेश्वर से गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने बताया- पीड़िता के पिता ने पॉक्सो में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। आरोपी जेठाराम उर्फ सेठाराम वारदात के बाद से फरार था। कोर्ट ने उसके गिरफ्तारी वारंट जारी कर फरार घोषित कर दिया था। उसकी तलाश के लिए हेड कॉन्स्टेबल दिनेश घुंघवाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 5 साल बाद सफलता पाई। एसपी नारायण टोगस ने बताया- 5 साल से टीम लगातार आरोपी से जुड़ी सूचनाएं जुटा रही थीं। पुलिस को सूचना मिली कि जेठाराम ने अपना नाम बदलकर सेठाराम नाम रख लिया है। वह अंकलेश्वर (गुजरात) के कुसमड़ी एरिया में मजदूरी करता है और वहीं पर रहता है। पुलिस टीम वहां पहुंची। वहां रहने वाले बाहरी लोगों के बारे में जानकारी जुटाई। तब पता चला कि एक व्यक्ति पिछले काफी समय से यहां रहता है। उसके रहने का कोई स्थायी ठिकाना नहीं है। वह रात को दुकानों के बाहर सोता है। पुलिस ने रात में दुकानों के बाहर सोने वाले लोगों की रेकी की। बीते गुरुवार-शुक्रवार की रात एक व्यक्ति आधी रात एक दुकान के आगे आकर सोया। नाम पता पूछने पर उसने सेठाराम नाम बताया और घबराने लगा। पुलिस टीम ने तसल्ली से पूछताछ की तो उसने अपना नाम जेठाराम उर्फ सेठाराम बताया। जेठाराम जोधपुर जिले के खेड़ापा के धनारी कलां गांव का रहने वाला है। टीम उसे डिटेन कर नागौर ले आए। अब आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *