मध्यप्रदेश विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। इससे पहले शीतकालीन सत्र में शून्य काल के दौरान बीजेपी विधायक सीतासरन शर्मा ने राहुल गांधी पर संसद में धक्का-मुक्की का आरोप लगाया। इस पर कांग्रेस ने कहा- जो व्यक्ति सदन का सदस्य नहीं है, उसका मामला यहां कैसे उठाया जा रहा है। राहुल गांधी को बदनाम किया जा रहा है लेकिन बीजेपी नेताओं ने अंबेडकर जी का जो अपमान किया, उस पर सरकार मौन है। कांग्रेस के विधायकों ने सदन में नीले गमछे लहराए। दोनों ओर से शोर-शराबे और हंगामे के चलते स्पीकर ने कार्यवाही स्थगित कर दी। कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने कहा- सत्र की समाप्ति के पहले राष्ट्रगान नहीं हुआ। ये सदन का अपमान है। संविधान की कॉपी लेकर पहुंचे थे कांग्रेस विधायक
सत्र में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस विधायक आज सुबह संविधान की प्रतियां लेकर विधानसभा पहुंचे थे। वे तीन दिन पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की संसद में डॉ. भीमराव अंबेडकर पर की गई टिप्पणी का विरोध जता रहे थे। नेत प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा- बीजेपी द्वारा संविधान का अपमान किया जा रहा है। संविधान निर्माता अंबेडकर जी के बारे में गलत शब्द कहे गए। मोदी और शाह ने अभी तक माफी नहीं मांगी। राहुल गांधी और खड़गे जी जब इस बारे में बात कर रहे थे तो बीजेपी सांसदों ने धक्का-मुक्की की। उन पर झूठा केस लगाया। हमारी मांग है कि टिप्पणी के लिए शाह माफी मांगें और राहुल जी पर दर्ज झूठा प्रकरण वापस लिया जाए। शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन की 5 बड़ी बातें


