पलामू जिले में एक वीडियोग्राफर से लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पांकी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने शादी की वीडियोग्राफी के बहाने बुलाकर वीडियो कैमरा और आईफोन लूट लिया था। पुलिस ने बताया कि यह घटना 13 अप्रैल को पांकी-बालूमाथ मार्ग स्थित कारीमाटी में हुई थी। पीड़ित मनोज कुमार ने 14 अप्रैल को इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तरहसी थाना क्षेत्र से चार आरोपियों को पकड़ा। पांकी अंचल की पुलिस निरीक्षक पूनम टोप्पो के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में गोइंदी के सुशील कुमार यादव और चुन्नू कुमार यादव शामिल हैं। इसके अलावा विनायका उदयपुर टू के राहुल कुमार और उदयपुर टू के राजन कुमार सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया वीडियो कैमरा और आईफोन बरामद कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश रंजन के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक संतोष गिरी, ददन राम गोंड और अन्य जवान शामिल थे।