राशा टंडन ने शेयर किया भालू से क्रूरता का वीडियो:बॉलीवुड एक्ट्रेस ने लिखा- लोग पीटते रहे, भालू तड़पता रहा, ये घिनौना, 2 आरोपी गिरफ्तार

छ्त्तीसगढ़ के सुकमा जिले में भालू की पिटाई का वीडियो बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन की बेटी राशा टंडन ने भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने लिखा है कि लोग इतने असंवेदनशील कैसे हो सकते हैं? लोग पीट रहे हैं। भालू दर्द से तड़प रहा है और ये लोग मजा ले रहे हैं। ये बहुत घिनौना है। बता दें कि बस्तर में भालू के साथ क्रूरता करने वाले 2 आरोपियों को वाइल्ड लाइफ और वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया है। इन्होंने जंगल में सुअर पकड़ने के लिए फंदा लगाया था, जिसमें भालू फंस गया। गांव के ही 2 लड़कों ने उसे मार-मारकर मौके पर ही अधमरा किया। फिर गांव लेकर आए। यहां गांववालों के सामने अपना रौब दिखाने के लिए भालू का मुंह-पंजा तोड़ दिया। पास में ही खड़े अन्य ग्रामीण वीडियो बनाते रहे और मजे लेते रहे। वीडियो वायरल होने के 72 घंटे के अंदर ही इनकी गिरफ्तारी हो गई है। वन्य प्राणी अधिनियम 1972 के तहत इनपर कार्रवाई की जा रही है। वीडियो मिलते ही लिया एक्शन दरअसल, यह वीडियो जब CCF आरसी दुग्गा के पास पहुंचा तो उन्होंने तुरंत एक्शन लिया। जिसके बाद इस वीडियो को सर्कुलेट करवाया गया। भालू के साथ क्रूरता करने वाले युवकों की पहचान बताने वालों पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर दिया गया था। पहले ये वीडियो सुकमा के केरलापाल इलाके का बताया जा रहा था। इसके बाद CCF आरसी दुग्गा ने सुकमा में वन अधिकारियों को अलर्ट किया और उन्हें जांच के आदेश दिए। वहीं वन विभाग और वाइल्ड लाइफ के अधिकारियों को मुखबिर से इनके बारे में पता चला। टीम को पता चला कि ये सुकमा जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र के पुट्ठेपाड़ इलाके का है। जिसके बाद करीब 10 से 15 सदस्यीय टीम का गठन किया गया। अंदरूनी इलाके के हैं आरोपी जिस इलाके में इन युवकों की मौजूदगी की खबर थी वह इलाका नक्सल प्रभावित क्षेत्र है। ऐसे में वन विभाग की टीम सुरक्षा बलों के साथ करीब 10 से 15 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर उस गांव पहुंची। जहां पता चला कि ये दोनों युवक गांव से फरार हो गए हैं। वो इलाका तेलंगाना का बॉर्डर है। टीम ने तेलंगाना पुलिस से भी संपर्क किया। कुछ महीने पहले ही भालू को मारा वहीं 72 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को उसी इलाके के एक ठिकाने से पकड़ लिया गया। जिनकी पहचान वंडो भीमा (20) और चंडो देवा (40) के रूप में हुई। इन्हें तुरंत पकड़ कर जिला मुख्यालय लाया गया। जिसके बाद युवकों ने बताया कि कुछ महीने पहले ही उन्होंने भालू को मारा है। 72 घंटे के अंदर आरोपियों तक पहुंचा विभाग CCF आरसी दुग्गा ने दैनिक भास्कर से कहा कि 72 घंटे के अंदर हमने यह कार्रवाई की है। युवकों तक पहुंचना थोड़ा मुश्किल था, फिर भी हमारी टीम वीडियो सामने आने के बाद से लगातार इनकी तलाश में जुटी थी। अब इन दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई की जा रही है। मंत्री बोले- क्रूरता करने वालों के खिलाफ होगा एक्शन वन मंत्री केदार कैसे अपने कहा कि वन्य जीव हमारी अमूल्य संपदा है। इनका संरक्षण करना हम सब की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि, वन्य जीवों के साथ इस तरह से क्रूरता करने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा। 12 अप्रैल को दैनिक भास्कर ने उठाई खबर जब यह वीडियो दैनिक भास्कर के हाथ लगा तो 12 अप्रैल को प्रमुखता से खबर उठाई गई। करीब 2 मिनट 20 सेकंड का यह वीडियो है। इसमें कुछ ग्रामीणों ने भालू को बांधा, मुंह और पंजा तोड़ा, सिर पर वार किया है। तड़पा-तड़पा कर उसे मार दिया। वीडियो में दिख रहा है कि एक ग्रामीण भालू के कान को पकड़कर खींचता रहा। भालू दर्द में तड़पता रहा, इस दौरान वहां मौजूद कुछ ग्रामीण हंसते रहे। ………………………………. इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… भालू का मुंह-पंजा तोड़ा, तड़पाकर मार-डाला, VIRAL VIDEO:सिर पर कई वार किए, पैरों को तार से बांधा; आरोपी पर ₹10 हजार का इनाम छत्तीसगढ़ के बस्तर में भालू के साथ क्रूरता का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ ग्रामीणों ने भालू के पैरों को तार से डंडे पर बांधा, मुंह और पंजा तोड़ा, सिर पर वार किया है। इस दौरान भालू दर्द से तड़पता रहा। बताया जा रहा है कि तड़पा-तड़पा कर उसे मार दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *