नीमराना में एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गुगलकोटा गांव के सुनील सिंह राजपूत ने तीन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि कमला कॉलेज ढीकवाड़ और डैफोडिल फाउंडेशन व स्कूल के निदेशक हरेंद्र यादव, प्रिंसिपल रीना यादव और कैशियर संदीप यादव ने मिलकर धोखाधड़ी की। इन तीनों ने सुनील को संस्थानों में साझेदार बनाने का प्रलोभन दिया। रिपोर्ट में बताया-आरोपियों ने पीड़ित से 75 लाख रुपए नकद और 18.19 लाख रुपए बैंक के माध्यम से लिए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विज्ञापन जारी कर सुनील को फाउंडर के रूप में दिखाया। संस्थानों में 50% हिस्सेदारी का वादा किया। पीड़ित के बार-बार कहने पर भी आरोपियों ने कोई कानूनी दस्तावेज नहीं बनाए। इस तरह कुल 93.19 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई। नीमराना थाना प्रभारी राजेश कुमार मीणा के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।


