भारतीय वायु सेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम रांची में एयर शो करेगी। 19 और 20 अप्रैल को नामकुम के खोजा टोली स्थित आर्मी ग्राउंड में प्रस्तावित इस शो की तैयारी जोरदार तरीके से चल रही है। 19 और 20 अप्रैल को सुबह 9.45 से 10.45 बजे तक एयर शो होगा। पहले दिन काफी संख्या में स्कूली बच्चे शो के गवाह बनेंगे। इसके लिए शहर के सभी स्कूलों के बच्चों को आमंत्रित किया गया है, ताकि वे भारतीय वायु सेना की ताकत को जान सकें और भविष्य में एयरफोर्स में जाने का सपना देखा सकें। एयरफोर्स द्वारा आसमान में तरह-तरह के करतब दिखाए जाएंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस शो को देखने की चाहत रखने वालों को सुबह 8.30 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना होगा। इसके लिए कोई प्रवेश शुल्क नहीं है। इधर, सदर एसडीओ उत्कर्ष कुमार ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। मौके पर गणमान्य लोगों और आम लोगों के बैठने की व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, शौचालय, पेयजल, बैरिकेडिंग, मेडिकल टीम, फायर बिग्रेड, बम निरोधक दस्ता, साइनेज सहित सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट और सुरक्षा बलों को तैनात किया जाएगा। जल्द ही उनकी ब्रीफिंग होगी, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो।


