भास्कर न्यूज | अंबिकापुर नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेताओं पर ईडी की चार्जशीट के विरोध में कांग्रेस ने केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में घड़ी चौक पर पुतला दहन किया गया। यह प्रदर्शन कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी आंदोलन का हिस्सा था। पुतला दहन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई। पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता गोल घेरा बनाकर पुतला जलाने में सफल रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि केंद्र सरकार राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड अखबार आजादी की लड़ाई में कांग्रेस का वैचारिक हथियार था। इसे बचाने के लिए यंग इंडिया नाम की गैर लाभकारी संस्था बनाई गई थी। सभी लेन-देन बैंकिंग माध्यम से हुए, फिर भी झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। पाठक ने कहा कि ईडी अब तक कुछ भी साबित नहीं कर सकी है। यह कांग्रेस नेताओं की छवि खराब करने की साजिश है। उन्होंने कहा, “हम अंग्रेजों से लड़े हैं, इन फासीवादी ताकतों से डरने वाले नहीं हैं।” इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व सभापति अजय अग्रवाल, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, राकेश गुप्ता, विनय शर्मा बंटी, मो. इस्लाम, मधु दीक्षित, हेमंत तिवारी, संजय विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।


