नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की चार्जशीट दाखिल होने के बाद देश व्यापी आह्वान के तहत बुधवार को जयपुर में भी कांग्रेस ने ईडी कार्यालय के बाहर धरना दिया, प्रदर्शन किया और सभा की। पुलिस ने बेरीकेड्स लगाकर ईडी कार्यालय से 100 मीटर दूर प्रदर्शन की अनुमति दी। पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि देश में इस तरह का माहौल बनाया जा रहा है, जैसे कोई बहुत बड़ा घोटाला हो गया है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी को क्लीन चिट भी मिल चुकी है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने तीखे हमले किए। डोटासरा बोले-कांग्रेस मुक्त भारत की बात करने वाले पीएम मोदी जब कामयाब नहीं हुए तो गांधी परिवार पर झूठे केस करके असली मुद्दों से ध्यान हटा रहे हैं। हमारी सरकार ने गांधीवादी तरीके से सरकार चलाई। हम भी ऐसे ही कार्रवाई करते तो भाजपा के कई नेता जेल में होते। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि भाजपा सत्ता में आने के बाद से ही राष्ट्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। ईडी हो, इनकम टैक्स हो या सीबीआई हो। हेराल्ड केस में मनी लॉन्ड्रिंग नहीं हुई है। क्या ईडी ने आज तक किसी भाजपा नेता के खिलाफ कार्रवाई की है। विधायक इंद्रा मीणा ने कहा कि हमारी सरकार आई तो भाजपा वालों का इलाज करेंगे। उन्होंने कहा 5 साल हमारी सरकार रही, हमारी सरकार ने भाजपा के नेताओं पर कार्रवाई नहीं की।


