इंदौर के सांई भक्त पैदल जाएंगे शिर्डी:13 दिवसीय पदयात्रा 25 दिसंबर से, शोभायात्रा के साथ शुरू होगी पदयात्रा

श्री इंदौर शहर सांई भक्त सेवा समिति के तत्वावधान में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली सांई पदयात्रा महोत्सव इस वर्ष 25 दिसंबर से 6 जनवरी तक आयोजित की जाएगी। इस 13 दिवसीय यात्रा में सभी सांई भक्त इंदौर से शिर्डी पदयात्रा कर पहुचेंगे। पदयात्रा में इस वर्ष सभी सांई भक्त इंदौर से शिर्डी तक के मार्ग में युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति, संस्कार व सभ्यता से भी परिचित कराएंगे। इसके साथ ही यात्रा के मार्ग में रहवासियों और क्षेत्रवासियों को सामाजिक सरोकार का संदेश भी देंगे। सांई पदयात्रा महोत्सव में भक्त बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता अभियान के साथ ही बाबा के वचनों और संदेशों को भी जन-जन तक पहुंचाएंगे। सांई भक्तों की इस पदयात्रा की शुरुआत बड़ा गणपति मंदिर पर बुधवार 25 दिसंबर सुबह 9 बजे भव्य शोभायात्रा के साथ होगी। 300 सांई भक्तों को यात्रा में शामिल करने का लक्ष्य श्री इंदौर शहर सांई भक्त सेवा समिति अध्यक्ष छोटू शुक्ला, प्रकाश तोमर एवं सतीश बंसल ने बताया कि इंदौर से शिर्डी पदयात्रा महोत्सव में समिति द्वारा 300 सांई भक्तों को यात्रा में शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें अभी 200 से अधिक सांई भक्त अपना पंजीयन करवा चुके हैं। इन पंजीयन में महिला, पुरुषों के साथ ही वृद्ध और बच्चे भी शामिल हैं। 13 दिवसीय इस पदयात्रा में सभी सांई भक्त इंदौर से शिर्डी 425 किलोमीटर की यात्रा पैदल तय करेंगे, साथ ही सांई भक्त इस पदयात्रा के दौरान एक दिन में 35 से 40 किलोमीटर का सफर तय कर अपने पहले पड़ाव महू पहुंचेंगे। सांई पदयात्रा में शामिल सभी भक्तों के रहने, ठहरने की व्यवस्था समिति द्वारा 12 पड़ावों के माध्यम से की गई है। इस वर्ष पदयात्रा में शिवनी-मालवा, हौंशगाबाद, देपालपुर, मंदसौर, गौतमपुरा, पीथमपुर, महू, ठिकरी के भक्त भी इस यात्रा में शामिल होने इन्दौर पहुंच रहे हैं। 13 दिवसीय यात्रा के लिए समिति द्वारा अलग-अलग समितियों का गठन भी किया गया है। इन समितियों में भोजन, मंच, रथ-पूजा, यातायात, आवास, टेंट, आवास समिति के साथ ही चिकित्सा समिति भी बनाई गई है। इन समितियों में 5 से अधिक सांई भक्तों को यह सेवा कार्यों का जिम्मा सौंपा गया है। शोभायात्रा के साथ प्रारंभ होगी पदयात्रा श्री इंदौर शहर सांई भक्त सेवा समिति से जुड़े पं. महेश शर्मा, जितेंद्र त्रिपाठी एवं राजेंद्र गर्ग ने बताया कि 13 दिवसीय सांई पदयात्रा महोत्सव की शुरुआत बुधवार 25 दिसंबर को सुबह 9 बजे शोभायात्रा एवं सांई बाबा की महाआरती के साथ होगी। महाआरती में संत समाज के साथ ही बड़ी संख्या में भक्त शामिल होंगे। शोभायात्रा बड़ा गणपति मंदिर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए आईपीएस स्कूल पहुंचेगी। जहां इस शोभायात्रा का समापन होगा। समापन के पश्चात सभी सांई भक्त भोजन प्रसादी ग्रहण करने के पश्चात इन्दौर से शिर्डी पदयात्रा प्रारंभ करेंगे। सांई भक्तों का पहला पड़ाव महू रहेगा। सुबह और शाम को भजन-कीर्तन करने के पश्चात भक्त अपने अगले पड़ाव के लिए सुबह 5 बजे से आगे बढ़ेंगे। कालानी नगर में हुई सांई भक्तों की अंतिम बैठक अध्यक्ष छोटू शुक्ला ने बताया कि गुरुवार को सांई भक्तों की अंतिम बैठक कालानी नगर स्थित हुजूरगंज सांई मंदिर पर संपन्न हुई। जिसमें सभी सांई भक्तों की उपस्थिति में इन्दौर से शिर्डी पदयात्रा की रूपरेखा तैयार की गई। सांई भक्तों ने इस दौरान अपने विचार व प्रस्ताव भी रखे। पदयात्रा में इस वर्ष 250 से अधिक सांई भक्तों के शामिल होने का अनुमान हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *