गुमला जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। घाघरा थाना क्षेत्र के कुगांव तालाब में भैंस नहलाने गए 60 वर्षीय भिखवा उरांव डूब गए। घटना के समय कई ग्रामीण अपने मवेशियों को तालाब में नहला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शी सन्यासी उरांव के अनुसार, भिखवा भी अपनी भैंस को नहलाने के बाद खुद नहाने के लिए तालाब में गए। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। अत्यधिक पानी होने के कारण शव को खोजने में हो रही परेशानी घटना की सूचना मिलते ही घाघरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसआई मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से शव की तलाश शुरू कर दी। थानेदार पुनीत मिंज ने बताया कि तालाब में अत्यधिक पानी होने के कारण बुजुर्ग को खोजने में परेशानी हो रही है। प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम को भी सूचित कर दिया है। जल्द ही एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर शव को बाहर निकालने का प्रयास करेगी। फिलहाल पुलिस और स्थानीय लोग बुजुर्ग की तलाश में जुटे हुए हैं।


