कोरबा जिले में हाल ही में हुए एक सड़क हादसे के बाद भी लोगों में सुरक्षित यात्रा को लेकर जागरूकता नहीं आई है। कुछ दिन पहले एक पिकअप वाहन नहर में गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बावजूद लोग अभी भी पिकअप वाहनों में असुरक्षित तरीके से यात्रा कर रहे हैं। हाल ही में एसईसीएल क्षेत्र में एक शादी समारोह से लौटते समय एक पिकअप वाहन में लगभग 25-30 लोग सवार थे। वाहन में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल थे। कुछ लोग वाहन के अंदर बैठे थे, जबकि कई लोग ऊपर खड़े थे। वाहन टीपी नगर, शारदा विहार होते हुए सोनालिया नहर के किनारे से तेज गति से जा रहा था। पुलिस के डर से गाड़ी को और तेज रफ्तार से भगाया जा रहा था। इसका वीडियो भी सामने आया है। पुलिस से बचने के लिए तेज रफ्तार से भागे यात्री पुलिस की गिरफ्त में आने के डर से तेज रफ्तार में शहर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। न तो वाहन चालक और न ही यात्रियों में किसी तरह का भय दिखाई दे रहा था। सवारी ढोने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी कोरबा के सीएसपी भूषण एकता ने बताया कि पुलिस लगातार सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान चला रही है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे पिकअप वाहनों में यात्रा न करें, हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट का उपयोग करें और शराब पीकर वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि पिकअप वाहनों में अवैध रूप से सवारी ढोने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी है और आगे भी जारी रहेगी।


