नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी और नेता राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की ओर से दायर चार्जशीट को लेकर आज नागौर में कांग्रेस पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किया। 2 घंटे तक नागौर में कांग्रेसियों ने इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष हनुमान बांगड़ा के नेतृत्व में शामिल हुए कांग्रेस जनों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष हनुमान बांगड़ा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के खिलाफ सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करने के विरोध में आज सांकेतिक रूप से धरना प्रदर्शन किया गया है। देश में भाजपा सरकार बेकाबू होकर मनमानी कर रही है और धीरे-धीरे देश में आपातकाल की स्थिति बनाने की कोशिश की जा रही है। जिलाध्यक्ष बांगड़ा ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा जैसे आधारभूत मुद्दों को छोड़कर केंद्र सरकार जाति और धर्म के संघर्ष को बढ़ाने में लगी हुई है। केंद्र सरकार अनियंत्रित हो चुकी है और सिर्फ विपक्ष को परेशान करने का काम कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के लोग सरकारी एजेंसियों को कठपुतली की तरह काम में ले रहे हैं। केंद्र सरकार की मनमानी खत्म नहीं हुई तो इन सरकारी एजेंसियों के दुरुपयोग के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। जिला स्तर पर आयोजित प्रदर्शन में पूर्व प्रधान रिद्धकरण लोमरोड़, राजेंद्र फिड़ौदा, मनीष मिर्धा, जिला महासचिव दिलफराज खान, ब्लॉक अध्यक्ष पूनाराम मेघवाल समेत अनेक कांग्रेसी कार्यकर्त्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।


