भीलवाड़ा में एक कार और वैन की आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में वैन उछलकर पुलिया से नीचे जा गिरी। धमाके से उसमें आग लग गई और ड्राइवर जिंदा जल गया। हादसा भीलवाड़ा शहर से 55 किलोमीटर दूर मांडलगढ़ थाना इलाके में नेशनल हाईवे 27 पर फूलजी खेड़ी गांव के कट पर गुरुवार दोपहर 12 बजे हुआ। मांडलगढ़ थाना प्रभारी जतिन जैन ने बताया- इको वैन में मांडलगढ़ (भीलवाड़ा) निवासी राजकुमार (35) पुत्र सोहनलाल ब्रह्मभट्ट था। वह अकेला मांडलगढ़ से बेगूं किसी काम से जा रहा था। इस दौरान सामने से आ रही कार से भिड़ंत हो गई। भिड़ंत के बाद वैन पुलिया से उछलकर 15 फीट गहरी खाई में जा गिरी। वैन में धमाके से आग लग गई। राजकुमार जिंदा जल गया। हादसे के बाद लोगों ने मांडलगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर मांडलगढ़ पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंची। इस हादसे में कार ड्राइवर जलकर कोयला हो गया। कार से शव निकालने के दौरान उसके हाथ टूटकर गिर गए.. गुजरात के राजकोट से झालावाड़ा जा रहा था कार सवार परिवार जिस कार से वैन की भिड़ंत हुई उसमें सवार परिवार गुजरात के राजकोट जिले के गुलाब नगर का रहने वाला है। कार हरि भाई चला रहा था। हादसे में हरि भाई घायल हो गया। उसकी पत्नी पूनम, दो बेटियां किरण (17 ) नंदिनी (5 ) और बेटे विकास (22) को मामूली चोटें आईं। सभी को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हरि भाई को प्राथमिक उपचार के बाद चित्तौड़गढ़ रेफर कर दिया गया। हरि भाई अपने परिवार के साथ राजकोट (गुजरात) से झालावाड़ जा रहा था। इसी दौरान कार हादसे का शिकार हो गई। इको वैन में गैस की टंकी के कारण हुआ धमाका मांडलगढ़ थाना प्रभारी जतिन जैन ने बताया- इको कार में गैस किट लगा था। ऐसे में एक्सीडेंट के बाद खाई में गिरते ही कार में धमाका हुआ और आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया और दुर्घटनाग्रस्त कार को रोड से हटाया। ड्राइवर का शव मांडलगढ़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। देखें हादसे से जुड़ी 3 तस्वीरें…


