चूरू जिले के तारानगर में गुरुवार को साहवा रोड पर स्थित एक दुकान में कार में गैस भरते समय अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं। दुकान में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटियां आग की चपेट में आ गईं। एक दर्जन से अधिक स्कूटियां जलकर कबाड़ में बदल गईं। इसके अलावा एक बाइक और एक कार भी आग में जलकर राख हो गई। आग इतनी भीषण थी कि आस-पास की दो-तीन दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने पहले स्थानीय स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग ने दुकान में रखा सामान और बिजली के तारों को भी नुकसान पहुंचाया। पास की स्टेशनरी की दुकान भी आग की चपेट में आ गई। लोगों ने तुरंत किताबें और अन्य सामान दुकान से बाहर निकाला। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। दुकान में एक भरा हुआ गैस सिलेंडर भी था, जो अगर फट जाता तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।


