पति को जिस सांप से डसवाया, उसके दांत नहीं थे:शरीर नीला नहीं पड़ने से शक, मेरठ में पोस्टमॉर्टम से पत्नी-बॉयफ्रेंड पकड़े गए

यूपी के मेरठ में पति की गला घोंटकर हत्या कर दी, फिर उसे छिपाने के लिए पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड ने पति की बॉडी को सांप से कटवाया। दोनों इसमें करीब-करीब सफल भी हो गए थे, लेकिन सांप ने ही उनकी साजिश पर पानी फेर दिया। सांप पकड़ने के लिए सपेरे बुलाए गए। उन्होंने मौके से वाइपर सांप पकड़ा, लेकिन उसे देखकर बता दिया कि इसके दांत के नीचे जहर की थैली (Poison Gland) नहीं है। उसे निकाल लिया गया है। यानी उस सांप के काटने से इंसान मर ही नहीं सकता। अमित के शरीर पर जिस तरह की चोटों के निशान थे, वो भी बहुत अजीबो-गरीब थे। शरीर भी नीला नहीं पड़ा था, जैसा जहर फैलने के केस में आमतौर पर होता है। यहीं से अमित के घरवालों का शक गहराता चला गया। इसके बाद परिवार ने पोस्टमॉर्टम कराने का फैसला लिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पूरी तस्वीर साफ हो गई। गला घोंटकर हत्या करने की पुष्टि हुई। हत्या करने वाली मृतक की पत्नी निकली। उसने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पति अमित की हत्या की थी। पत्नी रविता का अफेयर कैसे हुआ? अमित को मारने की साजिश कैसे रची? कैसे घरवालों का शक हत्या की तरफ गया? यह सब जानने के लिए दैनिक भास्कर ग्राउंड पर पहुंचा। सिलसिलेवार पढ़ें शुरू से अंत तक की कहानी… 12 अप्रैल की रात अमित को मारा गया
मेरठ-पौड़ी हाईवे से करीब 4 किलोमीटर अंदर गांव है अकबरपुर सादात। यहां रहने वाला 25 साल का अमित कश्यप उर्फ मिक्की टाइल्स-पत्थर लगाने का काम करता था। 13 अप्रैल की सुबह अमित घर की गैलरी में चारपाई पर सो रहा था। जब वह नहीं उठा, तो घरवाले वहां पहुंचे। उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। उन्हें अमित के शरीर के बगल में एक जिंदा सांप मिला। जिस रात (12 अप्रैल) घटना हुई, घर में सिर्फ 3 सदस्य मौजूद थे। मृतक, उसकी पत्नी रविता और लकवाग्रस्त (पैरालाइज्ड) पिता विजयपाल। सपेरे और डॉक्टरों ने शक जताया, तब कराया पोस्टमॉर्टम
हमारी टीम जब घर पहुंची तो वहां लोगों का जमावड़ा लगा था। घर के सामने एक छप्पर के नीचे मृतक अमित के पिता विजयपाल कश्यप बैठे मिले। वो पिछले डेढ़-दो साल से पैरालाइज्ड हैं। विजयपाल बताते हैं- मैं उस रात अमित के बराबर वाले कमरे में सो रहा था। सुबह-सुबह सांप-सांप का शोर मचा। सांप पकड़ने के लिए मोहम्मदपुर गांव से सपेरे बुलाए गए। सपेरों ने देखा कि सांप मेरे बेटे की कमर के नीचे दबा हुआ था। सांप का मुंह और पूंछ कमर के दोनों तरफ बाहर निकले हुए थे, जबकि बाकी हिस्सा कमर के नीचे था। शरीर के नीचे दबने से सांप बाहर नहीं निकल पा रहा था। हमने पूछा कि अमित की मौत पर संदेह कैसे हुआ? इस पर विजयपाल बताते हैं- बेटे के शरीर पर काफी निशान थे। ऐसा लग रहा था, जैसे छीना-झपटी हुई हो। नाखून से खुरचने के निशान बने थे। गले पर भी हमें कुछ निशान दिखाई दे रहे थे। हम अमित को कई अस्पतालों में ले गए। वहां भी डॉक्टरों ने बॉडी देखकर यही बताया कि ये सांप के काटने से मौत का मामला नहीं है। इसके बाद हमने उसका पोस्टमॉर्टम कराने का फैसला लिया, ताकि सच पता चल सके। पिता बोले- दोनों को फांसी हो, हमारा लड़का छीन लिया
क्या घरवालों को रविता और अमरदीप के अफेयर का पता था? इस सवाल पर विजयपाल कहते हैं- अमरदीप भी टाइल्स लगाने का काम करता था। इसलिए वो मेरे बेटे से मिलने के लिए अक्सर घर आता था, लेकिन घर के अंदर कभी नहीं जाता था। वो गेट पर ही आता था, अमित उससे मिलने बाहर आ जाता था। रविता और अमरदीप के बीच क्या चल रहा है, ये हमें आज तक मालूम नहीं पड़ा। विजयपाल आगे कहते हैं- जैसा उन्होंने हमारे बेटे के साथ किया, उनके साथ वैसा ही होना चाहिए। दोनों को फांसी होनी चाहिए। उन्होंने हमारा लड़का छीन लिया। आरोपी पत्नी बोली- मुझसे बलात्कार से भी गंदा काम करते थे
जेल जाते वक्त आरोपी पत्नी रविता ने कहा- वो (पति अमित) मेरे साथ रोज मारपीट करते थे। मेरे साथ बलात्कार से भी ज्यादा गंदा काम करते थे। कहते थे कि तुझे वेश्या बनाऊंगा, धंधा कराऊंगा। उन्हें मालूम था कि मैं अमरदीप से फोन पर बात करती हूं। पति ने खुद ही मेरी बातचीत अमरदीप से फोन पर कराई थी। फिर मुझसे कहा कि मैं अमरदीप को अपने घर पर बुलाऊंगा। उसे मारने में तुझे मेरा साथ देना है। फिर मैं तुझे भी मारूंगा। बॉयफ्रेंड बोला- अमित ने हत्या के लिए लड़के पीछे लगाए, इसलिए उसे मारा
रविता के बॉयफ्रेंड अमरदीप ने जेल जाने से पहले कहा- कुछ दिन पहले 3500 रुपए के लेन-देन को लेकर मेरी अमित से कहासुनी हुई थी। इसके बाद कुछ लोगों ने हमारा समझौता करा दिया था। फिर भी अमित ने मुझे मारने के लिए मेरे पीछे कुछ लड़के लगा दिए थे। जब मुझे यह बात पता चली, तो अपनी जान बचाने के लिए मैंने अमित के मर्डर की साजिश रची। अमरदीप ने बताया- मवाना क्षेत्र में मोहम्मदपुर गांव है। वहां काफी सपेरे रहते हैं। उनसे सांप एक हजार रुपए में खरीदा था। सपेरों का ही एक साथी मुझे यहां आकर सांप बेचकर गया था। आरोपी अमरदीप की मां बोली- अमित के साथ पैसों को लेकर विवाद था
अमित और रविता की शादी 8 साल पहले शादी हुई थी। उनके 3 बच्चे- एक बेटा और दो बेटियां हैं। गांव में चर्चा है कि अफेयर के चक्कर में अमित की हत्या हुई। रविता से अफेयर की जानकारी से इनकार करते हुए आरोपी अमरदीप की मां धर्मवती इस घटना के पीछे कुछ और ही कहानी बताती है। वे कहती है- मेरे लड़के अमरदीप से अमित ने पैसे लिए थे। कुछ दिन पहले बेटा पैसे मांगने गया तो उसने अगले दिन देने को कहा। इसके बाद अमित ने बेटे को पैसे ले जाने के लिए फोन करके बुलाया। बेटे ने कहा कि मैं अब काम पर आ गया हूं, शाम को गांव आकर पैसे ले लूंगा। इस पर अमित ने अमरदीप को फोन पर गालियां दीं। गालियां सुनकर मेरा बेटा अमित के पास पहुंचा। अमित ने अमरदीप के हाथ में चाकू मार दिया। उसके हाथ में 12 टांके आए। धर्मवती कहती है- अमित की हत्या क्यों और कैसे हुई, ये मुझे नहीं पता। ये रविता या उसके परिवार वालों को पता होगा। गांववाले बोले- ड्रम में भरकर मारने से भी ज्यादा डरावनी घटना
हमने इस केस में गांव अकबरपुर सादात के लोगों से भी बातचीत की। पड़ोसी साजिद बताते हैं- उस दिन जब अमित की मौत हुई तो काफी शोर-शराबा मचा। मैं भी यहां आया। अमित चारपाई पर लेटा था। उसके शरीर के नीचे सांप था। सांप को निकालने की किसी की हिम्मत नहीं हुई। एक-डेढ़ घंटे बाद सपेरे बुलाए गए। साजिद कहते हैं– सांप ने काटा जरूर है, लेकिन उसके अंदर जहर नहीं था। सांप किसी सपेरे से लाया गया था। उसके दांत टूटे हुए थे। वह ठीक से रेंग भी नहीं पा रहा था। इसी गांव के मेघचंद उर्फ बादल सिंह बताते हैं- पूरे गांव में दुख का माहौल है। सब लोग इसकी आलोचना कर रहे हैं कि इतना बुरा करने वाले को कड़ी सजा होनी चाहिए। हमें कोई उम्मीद नहीं थी कि ये मर्डर केस भी हो सकता है। ये बहुत दर्दनाक और सोचने वाली घटना है। मेरठ में ड्रम में भरकर मारने वाली घटना से भी ज्यादा डरावनी घटना है। मंदिर से लौटते वक्त की पति के मर्डर की प्लानिंग
मेरठ के SP (ग्रामीण) राकेश कुमार मिश्रा ने बताया- मृतक अमित और आरोपी अमरदीप दोनों टाइल्स-पत्थर लगाने का काम करते थे। इसलिए दोनों में दोस्ती हो गई। फिर अमरदीप का अमित के घर आना-जाना शुरू हो गया। इसी दौरान अमरदीप के अमित की पत्नी रविता से प्रेम संबंध हो गए। शायद यह बात अमित को पता चल गई थी। इसलिए दोनों ने एक हफ्ते पहले उसके मर्डर करने का प्लान बनाया। 12 अप्रैल को दिन में अमित और रविता सहारनपुर में मां शाकुंभरी देवी के दर्शन करने गए थे। वहां से लौटते वक्त रविता ने बॉयफ्रेंड अमरदीप को कॉल-मैसेज करके उसी रात मर्डर करने की प्लानिंग बताई। साथ ही सांप का इंतजाम करने के लिए कहा। दोनों ने पहले अमित की गला घोंटकर हत्या की। फिर चारपाई से उसकी लाश उठाई गई, तब सांप को उसकी कमर के नीचे डाला गया। पत्नी और उसका बॉयफ्रेंड जेल भेजे गए
जिला अस्पताल से शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। 16 अप्रैल को उसकी रिपोर्ट आई। इसमें दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने पत्नी के मोबाइल की कॉल डिटेल रिपोर्ट (CDR) निकाली। पता चला कि घटना वाली रात रविता की गांव के अमरदीप से मोबाइल पर बात हुई थी। फिर अमरदीप की लोकेशन भी घटनास्थल पर मौजूद मिली। पुलिस ने अमरदीप को उठा लिया। कड़ाई से पूछताछ की तो रविता संग मिलकर हत्या करना कबूल लिया। 16 अप्रैल को बहसूमा थाना पुलिस ने रविता-अमरदीप को गिरफ्तार कर लिया। 17 अप्रैल को दोनों को जेल भेज दिया गया। ——————— ये खबर भी पढ़ें… यूपी में महिला IAS से ज्यादा अमीर महिला IPS, नोएडा कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के पास 9 करोड़ की प्रॉपर्टी; IAS में अदिति सिंह नंबर वन यूपी में महिला आईएएस की तुलना में आईपीएस ज्यादा अमीर हैं। आईएएस अधिकारियों में नीना शर्मा और किंजल सिंह के पास 10-10 प्रॉपर्टी हैं। वहीं अदिति सिंह के पास 8 प्रॉपर्टी हैं। बात आईपीएस महिलाओं की करें, तो आगरा एडीजी जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ के पास सबसे ज्यादा 4 प्रॉपर्टी हैं। दूसरे नंबर पर नोएडा पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और आईजी विजिलेंस मंजिल सैनी की 3-3 प्रॉपर्टी हैं। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *