जयपुर ज्वैलरी शो (जेजेएस) के दूसरे दिन शनिवार को जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में ज्वेलरी लवर्स की भारी भीड़ उमड़ी। शो में जयपुर के ज्वेलर्स के साथ ही बड़ी संख्या में अंतराष्ट्रीय ज्वैलर्स भी भाग ले रहे है। रिटेलर्स ने जयपुर की कुंदन-मीना, लाईट-वेट और कलर स्टोन ज्वैलरी में गहरी दिलचस्पी दिखाई। जेजेएस के चेयरमेन विमल चंद सुराणा ने बताया- इस बार के जेजेएस में रशियन और थाइलैंड के डेलिगेशन ने भी विजिट की और जेजेएस आयोजन समिति के साथ मीटिंग कर जैम्स व ज्वैलरी इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के बारे में चर्चा की। शो में महिलाओं व युवतियों ने ज्वैलरी पहनकर देखी और दोबारा आने का मन बनाया। जयपुरवासियों के साथ-साथ शहर आने वाले घरेलू और अंतराष्ट्रीय पर्यटक भी शो में रत्न आभूषणों की वैराइटी को देखकर मंत्रमुग्ध हो गए। जेजेएस के मानद सचिव राजीव जैन ने बताया कि जेजेएस में हमारा उद्देश्य ज्वेलरी डिजाइनरों और आर्टिजंस को प्रोत्साहित करना और बढ़ावा देना रहा है। जिसे आम ग्राहक देख सकें और कारीगरों के हुनर को समझ सकें। इसी उद्देश्य के तहत जेजेएस इस साल सातवीं बार जयपुर ज्वैलरी डिजाइन फेस्टिवल (जेजेडीएफ) की मेजबानी कर रहा है। ‘ट्रेडिशन मीट्स इनोवेशन..रूबी रिडिफाइंड’ थीम पर आयोजित इस फेस्टिवल में रूबी पर फोकस के साथ पांरपरिक डिजाइनों को नवीनतम दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया जा रहा है। जेजेडीएफ में कई प्रमुख डिजाइन संस्थानों से युवा डिजाइनर्स भी हिस्सा ले रहे हैं। लगभग 500 वर्ग फीट क्षेत्र में फैले इस फेस्टिवल में उभरते हुए डिजाइनर, आर्टिजंस व शिल्पकार अपनी रचनाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके साथ ही एक्सपर्ट्स के साथ अलग-अलग विषयों पर सेशन आयोजित किए गए।


