पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि बीस साल में बीजेपी ने 15 हजार करोड़ का करप्शन आरटीओ के माध्यम से कमाया है। यह पैसा लोकसभा चुनाव में हेलिकॉप्टर से बांटा गया है। इस मामले में जब विपक्ष विधानसभा में सवाल करता है तो पूरा सत्र नहीं चलता और जवाब नहीं दिया जाता। पटवारी ने कहा कि रावण जैसे प्रदेश को लूटा जा रहा है और बीजेपी को सींचने की बात करने वाले सुमित्रा महाजन, रघुनंदन शर्मा चुप रहने को मजबूर हैं। पटवारी ने कहा कि जनता के लिए लड़ाई लड़ने का काम कांग्रेस करेगी। कांग्रेस मांग करती है कि परिवहन विभाग की जांच सीबीआई से या रिटायर्ड जज से कराई जानी चाहिए। पीसीसी में मीडिया से चर्चा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने कहा कि आयकर, लोकायुक्त की जांच में खुलासे बताते हैं कि करप्शन के मामले में हो रही कार्यवाही के अंतर्गत समुद्र में सबसे छोटी मछली, सबसे छोटा कीड़ा आरटीओ का पूर्व आरक्षक है। आरटीओ के एक अफसर ने बताया है कि हर माह 35 करोड़ रुपए महीना उगाही होती है जो पांच सौ करोड़ रुपए तक साल भर में होती है। उन्होंने कहा कि यह सरकार माफिया की सरकार है। पर्ची से मुख्यमंत्री बने डॉ. मोहन यादव कर्ज, क्राइम और करप्शन, कमीशन की सरकार चला रहे हैं। बीजेपी सरकार में राजनीतिक अय्याशी के लिए कर्ज लिए जाते हैं। दस हजार करोड़ की संपत्ति 1100 करोड़ में सरकार ने बेच दी है। यह काम करप्ट मंत्री करते हैं जिनका सोना लापता स्थिति में मिला है। पटवारी ने कहा कि जो पर्ची निकालकर यादव को सीएम बनाया गया वह पर्ची बहुत महंगी पड़ रही है। सब धृतराष्ट्र बने हुए हैं। सब देखें कि सिंचाई विभाग के मंत्री पर आरोप लगाते हुए पटवारी ने कहा कि टेंडर होते हैं और उसमें बीस, तीस नहीं पचास प्रतिशत तक कमीशन लिया जाता है। कांग्रेस अब सिर्फ बयान देने और मीडिया से बात करने तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि जनता के लिए लड़ेगी।


