सिवनी जिले में भाजपा मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। यहां 27 में से 23 मंडलों में अध्यक्ष घोषित किए गए। इसके बाद 5 मंडलों की नियुक्ति निरस्त कर दी गई। बीते दिवस केदारपुर मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर सवाल खड़े करते हुए 42 बूथों के अध्यक्षों ने जिला कार्यालय में ज्ञापन सौंपा था। आरोप लगाया था कि केदारपुर मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति गलत की गई है। वहीं शनिवार शाम चमारी मंडल के भाजपा कार्यकर्ता बीजेपी कार्यालय पहुंचे और मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति को शून्य करने को लेकर ज्ञापन सौंपा। इसमें लिखा है कि चमारी मंडल में बिना मानदंड, नियम विरुद्ध ओम राजपूत के नाम के मंडल अध्यक्ष की घोषणा की गई है। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत आयु सीमा में जो मानदंड रखा गया है, उनके नियम विरुद्ध पूर्व मंडल अध्यक्ष अपनी उम्र को कागजों में छेड़छाड़ कर मंडल अध्यक्ष की घोषणा में शामिल हो गए। पूर्व मंडल अध्यक्ष ने पद का दुरुपयोग कर बूथ अध्यक्षों को गुमराह कर फर्जी तरीके से वोटिंग प्रक्रिया कराई। इसलिए चमारी मंडल अध्यक्ष की घोषणा को शून्य कर सही कार्यकर्ता को मंडल अध्यक्ष चुना जाए।


