राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर द्वारा जिला न्यायाधीश संवर्ग भर्ती परीक्षा 2024 को रद्द करने की मांग को लेकर शनिवार को टोंक में भी वकीलों ने कार्य बहिष्कार किया। वकीलों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन भी किया। जिसके बाद जिला और सत्र न्यायाधीश को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में बताया कि राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर द्वारा जिला न्यायाधीश संवर्ग भर्ती परीक्षा 2024 का विज्ञापन 9 जुलाई 2024 को जारी किया था। यह विज्ञापन राजस्थान उच्च न्यायालय जयपुर पीठ द्वारा D.B सिविल रिट याचिका निशा गौड व अन्य बनाम रजिस्ट्रार (परीक्षा) राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर व अन्य संलग्न याचिकाओं में 14 फरवरी 2024 को पारित आदेश की पालना के बिना जारी किया गया था, जो कि विधि विरूद्ध था। यह भी बताया कि इस रिट में राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर की विशेष अनुमति याचिका उच्चतम न्यायालय ने 9 जुलाई 2024 को खारिज कर दी थी। इसके बाद भी राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर द्वारा जिला न्यायाधीश संवर्ग भर्ती परीक्षा 2024 का आयोजन जल्दबाजी में व नियम विरूद्ध करवाया। इसकी मुख्य परीक्षा के परिणाम में एक पास हुआ है। पूर्व में भी राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षा 2020 विवादों में रही थी, जिसका अभी तक भी कोई समाधान राजस्थान उच्च न्यायालय जोधपुर द्वारा नहीं किया गया है।


