भरतपुर में सीवरेज लाइन डालने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान बड़ा हादसा टल गया। खुदाई करते समय अचानक गैस की पाइप लाइन टूट गई और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगी। मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और सभी मौके से भाग गए। मौके पर मौजूद गेल गैस लिमिटेड के अधिकारी ने तत्काल फायर ब्रिगेड और घरेलू गैस बुझाने वाली टीम को सूचना दी। घटना के बाद आधा घंटे तक ट्रैफिक बंद रहा। सूचना मिलते ही 15 मिनट में फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दरअसल, मामला शनिवार सुबह 11 बजे का है। गेल अधिकारी बोले- बड़ा हादसा टला
गेल गैस लिमिटेड के इंजीनियर अभय अग्रवाल ने बताया कि मुखर्जी नगर स्थित प्रेम गार्डन के पास सीवरेज लाइन का काम चल रहा था, जहां से घरों में जाने वाली गैस की लाइन गुजरती है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी इस कंपनी ने पाइप लाइन को नुकसान पहुंचाया है, जिसके लिए उन्हें चेतावनी दी गई थी। इंजीनियर अभय अग्रवाल ने बताया कि जैसे ही गैस लाइन क्षतिग्रस्त हुई, गेल की टीम ने मौके पर पहुंचकर नोजल को बंद किया। पाइप लाइन के क्षतिग्रस्त होने के बाद गैस ने आग पकड़ ली थी, जिसे फायर फाइटिंग टीम ने तुरंत बुझा दिया। आधा घंटे बाद गैस सप्लाई चालू की
इंजीनियर ने कहा कि 30 मिनट के अंदर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और गैस आपूर्ति सुचारू कर दी गई। उन्होंने बताया कि पाइप लाइन पर मार्किंग और संपर्क नंबर रखते हैं, ताकि कोई भी काम करने से पहले सूचित कर सके। अगर समय रहते सूचना नहीं मिलती तो बड़ा हादसा भी हो सकता था।


