भरतपुर के पूर्व राजपरिवार और मिशनरी स्कूल प्रबंधन के बीच जमीन को लेकर विवाद हो गया। पूर्व राजपरिवार के सदस्य कुंवर लक्ष्यराज ने मिशनरी स्कूल प्रबंधन पर 3 बीघा जमीन दबाने का आरोप लगाया है। कहा- स्कूल के फादर ने चैलेंज किया कि दीवार गिराकर दिखाओ। दीवार गिराई तो पुलिस बुला ली। पुलिस ने 6 घंटे थाने में बैठाए रखा और बिना वारंट घर की तलाशी ली। कुंवर लक्ष्यराज महाराजा सूरजमल की 14वीं पीढ़ी हैं। दरअसल, भरतपुर के पूर्व राजपरिवार सदस्य के घर और सेंट पीटर्स स्कूल के बीच 3 बीघा जमीन का विवाद चल रहा है। यह जमीन पुलिस लाइन के ठीक सामने है। शुक्रवार को पूर्व राजपरिवार ने निर्माण के लिए दीवार तोड़ दी थी। इसके बाद विवाद बढ़ गया। पहले देखिए- पूर्व राजपरिवार और स्कूल के बीच क्या है विवाद… अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरा घटनाक्रम… चैलेंज दिया तो दीवार तुड़वा दी
पूर्व राजपरिवार की सदस्य भावना सिंह ने बताया- हमारी दीवार में एक गेट था, जिसे कल हम रिपेयर करवा रहे थे। दो मजदूर काम कर रहे थे। फादर ने कहा- यह हमारी दीवार है। उन्होंने धमकी दी- मैं तुम सभी को जेल करवा दूंगा। उन्होंने मुझे चैलेंज दिया तो मैंने तुरंत बुलडोजर बुलाया और दीवार को तुड़वाना शुरू कर दिया। 15 फीट दीवार तोड़ दी। कुंवर लक्ष्यराज बोले- स्कूल के फादर ने दादागिरी की
पूर्व राजपरिवार के सदस्य कुंवर लक्ष्यराज सिनसिनवार ने बताया- 13 दिसंबर 2024 को तहसीलदार और पटवारी ने जमीन के हिस्से पर निशान लगाए थे। शुक्रवार सुबह 10 बजे हम अपनी तरफ की दीवार पर निर्माण करवा रहे थे। इस दौरान 10.30 बजे के करीब स्कूल के फादर शिजू पल्लिप्पदन हमारे घर आए। उनके साथ 10-12 लोगों का स्कूल स्टाफ भी था। घर आकर वे लोग दादागिरी करने लगे। स्टाफ के लोगों ने हमारे साथ गाली-गलौज की। पुलिसकर्मी थाने में बंद करने की धमकी देते रहे
इसके बाद फादर ने मथुरा गेट थाना पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शिकायत लेकर थाने आने को कहा। कुंवर लक्ष्यराज ने कहा- डीएसपी सिटी पंकज यादव को हमने जमीन के कागज दिखाए। इसके बाद भी थाने में हमारी सुनवाई नहीं हुई। पुलिस ने कहा कि अगर ज्यादा बोले तो थाने में बंद कर देंगे। हम करीब 6 घंटे तक थाने में रहे। बार-बार पुलिसकर्मी हमें बंद करने की धमकी देते रहे। पुलिस ने अभद्रता की। पुलिस ने घर की तलाशी ली
कुंवर लक्ष्यराज ने कहा- इस दौरान पुलिस की 3 गाड़ियां हमारे घर गई। वहां मेरी बुआ कमल कौर अकेली थीं। बिना सर्च वारंट के पुलिस ने घर की तलाशी ली। शाम 6.30 बजे हम अपने व्यक्ति की जमानत कराकर घर पहुंचे। डीएसपी बोले- जांच कर रहे
डीएसपी सिटी पंकज यादव ने कहा- जमीन विवाद को लेकर सूचना मिली थी। पुलिस ने पूर्व राजपरिवार और स्कूल प्रशासन से शिकायत ले ली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी। पुलिसकर्मी ने पूर्व राजपरिवार सदस्यों के साथ अभद्रता नहीं की। उन्हीं की तरफ के लोगों ने अभद्रता की थी। इस मामले को लेकर सेंट पीटर्स स्कूल के फादर शिजू पल्लिप्पदन से सवाल किया तो उन्होंने किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।


