शहरों-कस्बों के 166 वार्डों को टक्कर देंगे गुरुनगरी के 5 हलकों से चुने गए 3-3 वार्ड

शुभेंदु शुक्ला | अमृतसर निगम ने मेरा वार्ड मेरी शान प्रतियोगिता के तहत शहरों-कस्बों के 166 वार्डों की प्रतियोगिता को लेकर वार्डों का चयन करने का काम पूरा कर लिया है। 166 शहरों-कस्बों के वार्डों को गुरुनगरी के 5 हलका से 15 वार्ड टक्कर देंगे। बता दें कि पहले स्थान पर आने वाले विजेता को 25 लाख रुपए तो दूसरे पायदान पर 15 लाख और तीसरे नंबर पर 10 लाख रुपए नकद पुरस्कार दिया जाएगा। मेयर का वार्ड नंबर 26 तो सीनियर डिप्टी मेयर का वार्ड 11 भी शामिल किया गया है, जो प्रतियोगिता की रेस में हैं। जिन वार्डों को प्रतियोगिता में शामिल किया गया है, उनमें ईस्ट हलका से वार्ड सं. 18, 19, 26 तो वेस्ट हलका से 1, 2, 71, नॉर्थ से 4, 8, 11 और साउथ से 36, 40, 47 वार्डों का चयन किया गया है। जबकि सेंट्रल से 57, 58, 59 नंबर वार्ड शामिल हैं। बता दें कि पंजाब सरकार ने 22 दिन पहले शहरों-कस्बों की नुहार बदलने के लिए स्टेट लेवल पर मेरा वार्ड मेरी शान योजना के तहत स्टेट लेवल पर प्रतियोगिता कराने का ऐलान किया था। योजना का उद्देश्य मिलजुलकर काम करके शहर को स्वच्छ बनाना है। सीनियर डिप्टी मेयर प्रियंका शर्मा का कहना है कि सीएम भगवंत मान ने वार्डों को संवारने के लिए जो प्रतियोगिता शुरू कराई, यह सराहनीय है। इस मुहिम में निगम कमिश्नर-मेयर ने उनके वार्ड को शामिल किया है, तो सूबे में पहले पायदान पर लाने के लिए पूरी कोशिश करेंगी। मेयर ​जतिंदर मोती भाटिया ने कहा कि प्रतियोगिता में हमारे वार्ड सूबे में टॉप पर रहेंगे। इसके लिए कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। 5 हलकों के जिन 15 वार्डों का चयन किया गया है, उनमें सेंट्रल हलका से 2 कांग्रेस पार्षद वार्ड संख्या 57 से मंजू मेहरा पप्पल तो वार्ड संख्या 59 से कांग्रेस पार्षद गुरमीत कौर और ईस्ट हलका से पार्षद नवदीप सिंह के वार्ड संख्या 18 को िसलेक्ट किया गया है। बाकी सभी वार्ड आप पार्षदों के हैं। वहीं नगर निगम के एडिश्नल कमिश्नर सुरिंदर सिंह का कहना है कि सरकार के आदेशों अनुसार प्रतियोगिता कराए जाने को लेकर वार्डों का चयन कर लिया गया है। किसी पार्षद को कोई मुश्किल आए तो वह निगम दफ्तर में उनसे संपर्क कर सकते हैं। वार्ड का कायाकल्प कराने के लिए क्या क्राइटेरिया है, सारा कुछ क्लियर कराया जाएगा। बता दें कि सरकार की ओर से पार्षदों को वार्डों का कायाकल्प कराने के लिए टास्क दिया गया है कि ठोस कचरा प्रबंधन, सफाई, हरियाली व अन्य बुनियादी सुविधाएं वार्डों में डवलप करके सबसे अच्छा वार्ड बनाना होगा। जिन वार्डों में बेस्ट काम करवाया गया उन्हें पुरस्कृत करने के लिए जिला व स्टेट लेवल की कमेटी मूल्यांकन के बाद तय करेगी। वहीं अर्बन लोकल बॉडी (यूएलबी) संबंधित डीसी को सबूतों जियो टैगिंग की तस्वीरें और विस्तृत मूल्यांकन जो राज्य सरकार ने पैरामीटर बनाए हैं, उसके अनुसार अपलोड करना होगा। वार्ड में क्या प्रगति हुई उसे दिखाया जाएगा। इसके बाद जिला स्तरीय फिर स्टेट लेवल की कमेटी मूल्यांकन करेगी। सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले वार्ड दूसरे वार्डों के लिए एक मॉडल के तौर पर काम करेंगे। बता दें कि सूबे में कुल 13 म्यूनिसिपल कारपोरेशन हैं, जिनके वार्डों के बीच यह प्रतियोगिता होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *