लुधियाना सांसद राजा वड़िग ने रेल मंत्री को लिखा पत्र:कहा-नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम गुरु तेग बहादुर रखें, ये सच्ची श्रद्धांजलि होगी

पंजाब प्रदेश कांग्रेस के प्रधान और लुधियाना के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव को एक पत्र लिखा है। राजा वड़िंग ने उनसे मांग की है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम नौवें सिख गुरु, गुरु तेग बहादुर के नाम पर रखा जाए। गुरु तेग बहादुर के प्रकाश उत्सव के अवसर पर राजा वड़िंग ने रेल मंत्री वैष्णव के समक्ष यह मांग रखी है। सांसद वड़िंग ने रेल मंत्री वैष्णव को लिखे पत्र में लिखा- हम गुरु तेग बहादुर जी की शहादत की 350वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। उन्होंने कश्मीरी पंडितों की आस्था की रक्षा के लिए खुद को बलिदान कर दिया, इसलिए अगर हम नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम उनके नाम पर रखते हैं तो यह उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम नौवें गुरु के नाम पर रखने की मांग राजा वड़िंग ने कहा कि गुरु तेग बहादुर ने कश्मीरी पंडितों की रक्षा के लिए श्री आनंदपुर साहिब से दिल्ली तक की यात्रा की। जहां मुगल शासक औरंगजेब के आदेश पर उनका सिर कलम कर दिया गया। जो उन्हें अपना धर्म बदलने के लिए मजबूर नहीं कर सका। कांग्रेस प्रधान वड़िंग ने कहा कि गुरु तेग बहादुर को सही मायने में “हिंद दी चादर” (भारत की ढाल) कहा जाता है, क्योंकि उन्होंने एक अत्याचारी से धर्म की रक्षा की। उन्होंने कहा कि एक बार जब नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का नाम नौवें गुरु के नाम पर रखा जाएगा, तो यह निश्चित रूप से अधिक लोगों, विशेष रूप से हमारी युवा और भावी पीढ़ियों को उनके महान बलिदान के बारे में जानने के लिए प्रेरित करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *