स्वरूपगंज थाना पुलिस ने नाबालिग को भगाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस ने नाबालिग को डिटेन किया है। घटना के बाद शनिवार शाम को आमजन के साथ व्यापारियों में भयंकर आक्रोश फैल गया। उन्होंने शनिवार शाम को स्वरूपगंज बंद का ऐलान करते हुए अलग-अलग जगह बैठक की। मौके पर पुलिस ने लोगों से समझाइश का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार स्वरूपगंज थाना क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 6 बजे एक युवक द्वारा नाबालिग लड़की को भगा ले जाने का मामला सामने आया। घटना को लेकर नाबालिग लड़की के समाज के लोग और अन्य संगठन में आक्रोश है। सभी लोगों ने स्वरूपगंज के सुभाष सर्कल पर जमकर नारेबाजी की। वहीं स्वरूपगंज कस्बे को बंद करवाना शुरू किया। इस मामले में स्वरूपगंज पुलिस ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट पर नाबालिग लड़की को भगा ले जाने का मामला दर्ज किया है। दूसरी ओर पुलिस ने अलग-अलग टीम गठित करने के साथ ही नाबालिग और आरोपी युवक की तलाश के लिए रवाना किया, हालांकि सावधानी के तौर पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर स्वरूपगंज पिंडवाड़ा और रोहिड़ा पुलिस स्वरूपगंज में अलग-अलग जगह पर तैनात है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लगातार प्रयास कर रही है।


