लुधियाना के जगराओं में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। हादसे में बुजुर्ग महिला समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने 17 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गांव खुरशैदपुरा में जमीन विवाद में दो रिश्तेदार परिवारों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर डंडे, ईंट और पत्थर से हमला किया। झड़प में एक बुजुर्ग महिला का दांत टूट गया और कई लोग घायल हो गए। घायलों को सिधवां बेट के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित जरनैल सिंह की शिकायत पर पुलिस ने 17 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें 7 अज्ञात लोग भी शामिल हैं। घर के रास्ते पर कब्जा कर लिया पुलिस को दी शिकायत में जरनैल सिंह ने बताया कि आरोपियों ने पहले उनके भाई के घर के रास्ते पर कब्जा कर लिया। फिर उनकी जमीन पर भी कब्जा करने की कोशिश करने लगे। बुजुर्गों ने दोनों परिवारों में बराबर जमीन बांट दी थी। जरनैल सिंह ने एक कनाल जमीन अपने पैसों से खरीदी थी। आरोपियों की नजर इस जमीन पर भी थी। हथियार लेकर पहुंचे हमलावर जब वह अपनी जमीन पर काम कर रहे थे, तब उनके ताया का लड़का हरविंदर सिंह, कुलविंदर कौर और अन्य लोग हथियार लेकर वहां पहुंचे। आरोपियों में हरविंदर सिंह, कुलविंदर कौर, हरी सिंह, संगत सिंह, बंगी सिंह, रमेश कौर, हरप्रीत सिंह, परमजीत कौर, अकाशदीप सिंह और जसकरन सिंह शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं 115(2) 118(1) 126(2) 191(3) 190 351(2) के तहत थाना सिधवां बेट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


