पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पर व्यापारियों के खिलाफ ‘टैक्स आतंकवाद’फैलाने का गंभीर आरोप लगाया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए वड़िंग ने इस नीति को व्यापारी वर्ग के खिलाफ जबरदस्ती और लूट की कार्रवाई बताया है। राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब सरकार के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने राज्य के जीएसटी ईटीओज (गुड्स एंड सर्विस टैक्स एन्फोर्समेंट टैक्स ऑफिसर्स) को निर्देश दिए हैं कि वे हर महीने कम से कम चार रेड (छापे) डालें और हर रेड से कम से कम 8 लाख रुपये की वसूली सुनिश्चित करें। वड़िंग ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पंजाब में इस समय 250 जीएसटी ईटीओज कार्यरत हैं। यदि हर अधिकारी महीने में 4 छापे डालेगा, तो इसका मतलब है कि राज्य में हर महीने 1,000 रेड होंगी और इस माध्यम से हर महीने लगभग 80 करोड़ रुपये की वसूली, यानी सालाना लगभग 960 करोड़ रुपये की ‘जबरन वसूली’की जाएगी। व्यापारियों से लूट करार दिया उन्होंने इसे खुलेआम व्यापारियों की लूट और डकैती करार देते हुए कहा कि पहले ही व्यापारियों को रैंसम कॉल्स (फिरौती की कॉल) आ रही हैं। संभव है कि कई व्यापारी डर के चलते भुगतान भी कर रहे हों। अब सरकार की यह नीति व्यापारी वर्ग की कमर तोड़ने का काम करेगी। राजा वड़िंग ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने व्यापारियों के खिलाफ जबरदस्ती और दंडात्मक कार्रवाई की, तो कांग्रेस पार्टी व्यापारियों के साथ खड़ी होगी और सरकार को कड़ा जवाब दिया जाएगा। पंजाब का व्यापार बाहर जा रहा उन्होंने कहा कि राज्य से पहले ही उद्योग बाहर जा चुका है और अब व्यापार भी तबाह होने की कगार पर है। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार से अपील की कि वह व्यापार विरोधी रवैया छोड़कर पंजाब के व्यापारियों और उद्योगों को राहत दे, ताकि राज्य की अर्थव्यवस्था को संभाला जा सके।


