मनेंद्रगढ़ जिले में खोंगापानी नगर पंचायत की अध्यक्ष ललिता रामा यादव ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज को पत्र लिखा है। पत्र में वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद विवेक चतुर्वेदी और महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष निर्मला चतुर्वेदी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ललिता ने पत्र में कहा कि नगरीय निकाय चुनाव के दौरान दोनों नेताओं ने पार्टी विरोधी गतिविधियां कीं। उन्होंने अध्यक्ष पद की उम्मीदवार और कांग्रेस समर्थित पार्षद प्रत्याशियों के खिलाफ काम किया। इतना ही नहीं, भाजपा के पार्षद उम्मीदवारों के लिए प्रचार भी किया। पत्र में आगे बताया गया है कि इन दोनों नेताओं की भितरघात के कारण कांग्रेस के केवल दो पार्षद ही जीत पाए। दोनों नेता हर वार्ड में जाकर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहे, जिससे जीत का अंतर प्रभावित हुआ। नगर पंचायत अध्यक्ष ने पीसीसी चीफ से मांग की है कि कांग्रेस पार्टी को बचाने के लिए दोनों नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाए।


