रविवार को छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों ने शपथ ली। नया प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी को बनाया गया है। रायपुर के शहीद स्मारक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह और पूर्व राज्यपाल रमेश बैस बतौर अतिथि पहुंचे। प्रदेश पदाधिकारियों का इस बार चुनाव नहीं हुआ। सर्व सम्मति से उन्हें चुना गया। इसे लेकर CM ने कहा कि 12 लाख व्यापारी पूरे प्रदेश में संगठन से जुड़े हैं। ऐसे में सर्व सम्मति से अध्यक्ष का चुना जाना बड़ी बात है, आगे भी इस परंपरा को कायम रखिए। चेंबर में 33 जिला उपाध्यक्ष और 33 जिला मंत्री समेत कुल 69 पदों के परिणाम घोषित हुए। इनमें 69 पदों में से 58 पर निर्विरोध निर्वाचन, 2 पदों पर मतदान से निर्वाचन हुआ और 9 पद रिक्त रह गए। इसके तहत प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, प्रदेश महामंत्री अजय भसीन, प्रदेश कोषाध्यक्ष निकेश बरडिया निर्वाचित हुए हैं। फरवरी से जारी थी चुनावी प्रक्रिया
छत्तीसगढ़ के 33 प्रशासनिक जिलों में से नारायणपुर को छोड़कर 32 जिलों में चेंबर के कुल 27480 सदस्य हैं। 7 जिले बलरामपुर, खैरागढ़-छुई खदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कोंडागांव, बस्तर, सुकमा, बीजापुर में सदस्यों की संख्या 50 से कम होने से चेंबर संविधान अनुसार इन जिलों में उपाध्यक्ष और मंत्री पद पर चुनाव नहीं हुए। इस प्रकार 25 जिले और भिलाई को चेंबर संविधान में चेंबर जिला का दर्जा दिए जाने से कुल 26 जिलों में चुनाव प्रक्रिया फ़रवरी से चल रही थी। इनमें से महासमुंद और रायगढ़ में ही मतदान द्वारा निर्वाचन हुआ। वहीं गोरेला-पेंड्रा-मरवाही, जशपुर और कबीरधाम जिला में उपाध्यक्ष और मंत्री का नामांकन ही निरंक रहे। इसी प्रकार कोरबा जिला, सरगुजा और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला में जिला मंत्री पद पर भी नामांकन निरंक रहा। जिसके कारण 9 पद निरंक रहे। अब ये हैं चेंबर के नए पदाधिकारी प्रदेश अध्यक्ष : सतीश थौरानी
प्रदेश महामंत्री : अजय भसीन
प्रदेश कोषाध्यक्ष : निकेश बरडिया


