निगम-मंडल आयोग में कई प्रदेश पदाधिकारियों को मिली है जगह:भाजपा प्रदेश संगठन का विस्तार जल्द महिला मोर्चा को मिलेगी नई अध्यक्ष

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों में जल्द ही नए चेहरे देखने को मिलेंगे। प्रदेश पदाधिकारियों के साथ ही महिला मोर्चा को भी नई अध्यक्ष मिलने वाली है। निगम-मंडल आयोग की दूसरी सूची आने के बाद संगठन का विस्तार किया जाएगा। पार्टी ने संगठन स्तर पर इसकी तैयारी शुरू कर दी है। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी एक व्यक्ति एक पद के फार्मूले पर चलती है इस​लिए माना जा रहा है कि पार्टी जल्द ही बड़ा परिवर्तन कर सकती है। हाल ही में जारी हुई 36 निगम-मंडल आयोगों की सूची में महिला मोर्चा अध्यक्ष शा​लिनी राजपूत, प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, महामंत्री संजय श्रीवास्तव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय को जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह प्रवक्ताओं में दीपक म्हस्के, अनुराग सिंहदेव, नीलू शर्मा, संदीप शर्मा, केदार गुप्ता और मोर्चा अध्यक्ष से विकास मरकाम के नाम शामिल हैं। वहीं प्रदेश कार्यसमिति से रामसेवक पैकरा, रामप्रताप सिंह, राजीव अग्रवाल, श्रीनिवास राव मद्दी तथा संभागीय प्रभारियों में सौरभ सिंह को नई जिम्मेदारी दी गई है। निगम-मंडलों की दूसरी सूची के बाद जल्द ही प्रदेश पदाधिकारियों की भी घोषणा की जाएगी। एक व्यक्ति एक पद के फार्मूले पर काम कर रही भाजपा युवा और संगठन में सक्रिय लोगों को देंगे मौका
पार्टी सूत्रों का कहना है कि जितने भी पदाधिकारियों काे निगम-मंडल और आयोग में जगह दी गई है, उनके स्थान पर युवाओं को मौका दिया जाएगा। युवाओं को जिम्मेदारी देने का विचार इसलिए किया जा रहा है ताकि संगठन के कामकाज को धरातल तक पहुंचाया जा सके। इसमें ऐसे सक्रिय युवाओं को महत्व दिया जाएगा जो संगठन को आगे बढ़ाने और पार्टी के लिए मजबूती से काम कर सकें। महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वालों को मिलेगी जिम्मेदारी
बताया गया कि हाल ही में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए गए सदस्यता अभियान के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नेताओं को मौका दिया जाएगा, उन्हें महत्वपूर्ण पद दिए जाएंगे। ऐसे लोगों के नाम भाजपा द्वारा चिन्हांकित किए जा रहे हैं। बताया गया है कि निगम-मंडल आयोग की दूसरी सूची आने के बाद संगठन में​ नियुक्तियां पूरी कर ली जाएंगी। सत्ता के इन पदों पर होनी है नियुक्तियां
बेवरेज कारपोरेशन, मार्कफेड, अपैक्स बैंक, लघु वनोपज सहकारी संघ, फिल्म विकास निगम, सहकारी मत्स्य महासंघ, हथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ, सहकारी संघ, छत्तीसगढ़ सिंधी अकादमी छत्तीसगढ़ हज कमेटी के साथ ही पांच जिलों में सहकारी बैंक और शक्कर कारखाने में भी नियुक्तियां होनी बाकी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *