कांग्रेस राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर 21 अप्रैल को मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राजीव भवन में इसकी तैयारी को लेकर वरिष्ठ नेताओं, ब्लाक अध्यक्षों व कांग्रेस नेताओं की बैठक ली और घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सत्यनारायण शर्मा, मलकित सिंह गैदू, विकास उपाध्याय, पंकज शर्मा, सुशील आनंद शुक्ला, शैलेश नितिन त्रिवेदी, महेन्द्र सिंह छाबड़ा सहित अन्य मौजूद थे। नक्सलियों का पत्र असली है या नकली : बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि नक्सलियों को शांति वार्ता प्रस्ताव का पत्र सही है या नहीं गृहमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए। अभी तक चार-पांच पत्र मीडिया के माध्यम से सामने आ चुका है, लेकिन सरकार की तरफ से इस मामले में कोई ठोस जानकारी नहीं आई है। कहीं झूठी वाहवाही लेने के लिए सरकार ने ही तो पत्र प्रचारित नहीं करवाया है। प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर मुख्यमंत्री निवास के घेराव की जानकारी देते हुए बैज ने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था व महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों की चिंता को लेकर प्रदेश की गूंगी-बहरी सरकार को जगाने कांग्रेस 21 अप्रैल को मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी। इसमें प्रदेशभर के कांग्रेसजन राजधानी में एकत्रित होंगे।


