धौलपुर में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती पर रविवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा सागरपारा स्थित अंबेडकर पार्क से शुरू हुई। यात्रा पुराना शहर से होते हुए फद्दी का चौराहा, हरदेव नगर, जगन सिनेमा और सारी गजरा से गुजरी। फिर लाल बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, बजरिया होते हुए संतर रोड से जिरोली फाटक स्थित अंबेडकर पार्क में समाप्त हुई। शोभा यात्रा में बाबा साहब के जीवन और संघर्ष को दर्शाती आकर्षक झांकियां शामिल थीं। बच्चों और युवाओं ने धार्मिक नृत्य और शस्त्र प्रदर्शन किए। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सहित हजारों श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। तोरण द्वारों से मार्ग को सजाया गया। कई स्थानों पर भंडारे और जलसेवा की व्यवस्था की गई। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा। ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। नगर निगम ने सफाई और प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। यह शोभा यात्रा सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक बनी। डॉ. अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनकर सामाजिक चेतना का संदेश दिया।


