भगवान विष्णु के अवतार परशुराम भगवान की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इसको लेकर राजस्थान ब्राह्मण महासभा की बैठक रविवार को देव दर्शन गेस्ट हाउस में हुई। बैठक में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने हिस्सा लिया और भगवान परशुराम जयंती को सफल बनाने का आह्वान किया। 30 अप्रैल को मनाएंगे जयंती राजस्थान ब्राह्मण महासभा के प्रचार प्रमुख देवेंद्र पुरोहित ने बताया कि आगामी 30 अप्रैल को भगवान परशुराम जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इसको लेकर ब्राह्मण महासभा की बैठक हुई। बैठक में महासभा के अध्यक्ष जगदीश गौड़ ने कहा कि भगवान परशुराम जयंती के मौके पर तीन दिवसीय कार्यक्रम होगा। जिसमें 28 अप्रैल को गौशाला में गौ माता पूजन, 29 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा और 30 अप्रैल को प्रातः भगवान परशुराम सर्किल पर आयोजन होगा। महासभा के कार्यकारी अध्यक्ष नथमल पालीवाल ने कहा कि वर्तमान में सामाजिक एकता को ध्यान में रखकर प्रत्येक व्यक्ति को समाज के प्रति समर्पण भाव रखना होगा। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने परिवार के साथ-साथ समाज के लिए समय समर्पण का निर्धारण करना होगा, तभी समाज मजबूत होगा। जब तक हम समाज के प्रति समर्पण भाव नहीं रखेंगे तब तक सामाजिक एकता और सामाजिक शक्ति का सदुपयोग नहीं हो सकता। भगवान परशुराम जयंती पर हम सभी को मिलकर एक साथ अपनी क्षमता का उपयोग करते हुए भव्य शोभायात्रा का आयोजन करना चाहिए इससे समाज में अच्छा संदेश जा सके। कार्यक्रम के दौरान ब्राह्मण महासभा की ओर से पुलिस दिवस पर सर्वोत्तम सेवा सम्मान से सम्मानित तनसुख पालीवाल व ओम प्रकाश पुष्करणा को समाज की तरफ से साफा पहनाकर उनका स्वागत किया गया। इस मौके प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमल जोशी, पवन आसोपा, डॉक्टर आरके व्यास, पंडित राजेश दवे, विकास शर्मा, प्रेरणा त्रिवेदी, ब्राह्मण महासभा यूथ प्रकोष्ठ के जितेंद्र गौड आदि मौजूद रहे।


