फलोदी दौरे पर केंद्रीय मंत्री शेखावत:मां लटियाल का किया दर्शन, स्वास्थ्य केंद्र और पंचायत भवन का करेंगे लोकार्पण

केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत आज रविवार को एकदिवसीय फलोदी जिले के दौरे पर रहें। मंत्री शेखावत ने अपने दौरे की शुरुआत आज सुबह मां लटियाल के धार्मिक दर्शन के साथ की गई। मंत्री शेखावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गईं। साथ ही नगरपरिषद टाऊन हॉल में फलोदी जिला कार्यशाला वक्फ सुधार जन जागरण अभियान को लेकर संबोधित किया। तत्पश्चात वे कानसिंह की सीड पहुंचे। वहां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नव-निर्मित वार्ड का लोकार्पण किया गया। अगले चरण में उदट गांव पहुंचें और नव निर्मित पंचायत भवन व मिठड़िया गांव में नव निर्मित पंचायत भवन का उद्घाटन किया। फलोदी जिले के कार्यक्रमों के बाद, शेखावत बीकानेर के लिए रवाना हो गए। इससे पहले केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्री शेखावत ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। ग्रीष्म ऋतु व नहर बंदी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विकास अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों को आदेश दिया कि वे दो दिवस में खराब ट्यूबवेल और नलकूपों की रिपोर्ट प्रस्तुत करें और उन्हें कंटीजेंसी प्लान के तहत शीघ्र दुरुस्त कराएं। उन्होंने कहा, “गर्मी के मौसम में किसी भी व्यक्ति को मूलभूत सुविधाओं की कमी नहीं होनी चाहिए।” अवैध पेयजल कनेक्शन हटाने के दिए निर्देश
मंत्री शेखावत ने जलदाय विभाग और पुलिस प्रशासन को संयुक्त कार्रवाई कर अवैध पेयजल कनेक्शन हटाने और दोषियों पर मुकदमा दर्ज करवाने के निर्देश दिए। उपखंड अधिकारी और उप पुलिस अधीक्षक को प्रभावी निगरानी रखते हुए चालान की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधीक्षण अभियंता को लंबित विद्युत कनेक्शनों को शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कुसुम योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और पुनरुत्थान वितरण क्षेत्र योजना की प्रगति को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रीष्म ऋतु में अनावश्यक बिजली कटौती न की जाए और जन शिकायतों का समय पर निस्तारण हो। स्वास्थ्य केंद्रों का अचानक निरीक्षण के निर्देश
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में उन्होंने जिला कलक्टर को पीएचसी और सीएचसी में रिक्त पदों पर प्रशासनिक दृष्टिकोण से ड्यूटी निर्धारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण करने, एम्बुलेंस की स्थिति, संस्थागत प्रसव, दवाइयों की उपलब्धता और तापघात से बचाव की तैयारियों की जांच कर कमियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने अधीक्षण अभियंता को डीएलपी अवधि के तहत सड़कों की मरम्मत करवाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, अटल प्रगति पथ, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बोले- फलोदी का विकास हमारी जिम्मेदारी मंत्री शेखावत ने अधिकारियों से कहा, “फलौदी एक नया जिला है। इसके चहुमुखी विकास के लिए एक मजबूत नींव रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। सभी कार्यों को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से करें ताकि आने वाले समय में यह जिला विकास की एक नई पहचान बना सके।” समीक्षा बैठक में जिला प्रभारी जशवंत सिंह बिश्नोई (अध्यक्ष, राज्य जीव जंतु कल्याण बोर्ड), फलौदी विधायक पब्बाराम बिश्नोई, जिला कलक्टर हरजीलाल अटल, पुलिस अधीक्षक पूजा अवाना, अतिरिक्त जिला कलक्टर अजय कुमार, एसीईओ जोधपुर गणपत, एसीईओ ललित कुमार गर्ग, उपखंड अधिकारी सुनील पंवार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *