उत्तर पुस्तिकाओं में आग लगने के मामले में शिक्षा सचिव ने एसडीओ को दिया जांच करने का दायित्व

भास्कर न्यूज |दुमका दुमका के आश्रम स्कूल में गुरुवार की रात शरारती तत्वों की आग में जैक मैट्रिक की करीब नौ सौ उत्तरपुस्तिकाओं के जलने के मामले की जांच तेज हो गई है। पुलिस की जांच में यह पता चला है कि जो उत्तर पुस्तिकाओं को स्ट्रांग रूम की बजाय प्रधानाध्यापिका सह मूल्यांकन केंद्र की निदेशक प्रियंका कुमारी के कक्ष में रखा गया था। शनिवार को नगर थाना की पुलिस ने स्थल का जायजा लिया। स्कूल के आसपास रहने वालों का सीसीटीवी खंगाला। स्कूल की चहारदीवारी की नापी कर जले हुए स्थल से नमूना एकत्र किया। शिक्षा सचिव ने एसडीओ को जांच का दायित्व सौंपा है।। हालांकि, अभी वे अवकाश पर हैं। जैक के ओएसडी डा. अश्विनी यादव ने बताया कि जांच का दायित्व उन्हें नहीं मिला है। एसडीओ को जांच मिली है। बताया कि अभी तक यह पता चला है कि जो कापियां प्रधानाध्यापिका के कक्ष में रखी थीं, उनमें ही आग लगी है। आग लगने के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि जब सारी कापियों को रखने के लिए पहली मंजिल पर स्ट्रांग रूम बना है तो निदेशक को अपने कक्ष में कापी रखने की क्या जरूरत थी। अगर सारी कापी की जांच हो चुकी थी तो फिर बंडल बनाकर क्यों स्ट्रांग रूम में क्यों नहीं रखा गया। वहीं, कुछ शिक्षकों का कहना था कि कापियां को जांच के बाद दूसरी जगह नहीं रखना है। वहीं, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि कापी जांच के दौरान कुछ कापियां अगर बच जाती है तो उन्हें प्रधानाध्यापिका के चेंबर में रख दिया जाता है ,ताकि दूसरे दिन जांच में परेशानी नहीं हो। कक्ष में निदेशक ताला लगा देती हैं। पुलिस ने सीसीटीवी की जांच की, सुराग की तलाश नगर थाना प्रभारी ने शनिवार को दो बार घटनास्थल का जायजा लिया। दोपहर को सहायक अवर निरीक्षक राजीव रंजन व राजू राम भी तकनीकी टीम के साथ स्थल पर पहुंचे और जांच की। प्रियंका कुमारी के साथ उस खिड़की को भी देखा, जहां से ज्वलनशील पदार्थ डालकर कमरे में आग लगा दी गई थी। स्ट्रांग रूम का जायजा लिया। दीवार की नाप कराकर यह जानने का प्रयास किया कि कहां से दीवार फांदकर शरारती तत्व अंदर आए और आग लगाकर भाग गए। स्कूल के सामने रहने वालों के घर में जाकर सीसीटीवी की जांच की। पुलिस का मानना है कि शरारती तत्वों ने निदेशक के चेंबर को ही निशाना बनाया है। अन्य सामान भी जले, हर बिंदु पर की जा रही जांच आग लगने के मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पता चला है कि आग प्रधानाध्यापक कक्ष में लगाई है। इस कारण कमरे में रखा अन्य सामान भी जल गया है। हर बिंदु पर जांच की जा रही है। नंद किशोर प्रसाद, थाना प्रभारी नगर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *