शिक्षक फेडरेशन में निर्विरोध प्रांताध्यक्ष बनाए गए राजेश

भास्कर न्यूज | तोकापाल छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन की प्रांतीय आमसभा का आयोजन दुर्ग जिले के भिलाई स्थित विवेकानंद हॉल में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर प्रांतीय निर्वाचन अधिकारियों द्वारा सर्वप्रथम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। जिसके पश्चात दावा-आपत्ति प्राप्त नहीं होने पर निर्वाचन प्रक्रिया के अनुसार नामांकन स्वीकार किए गए। प्रदेश भर से पधारे जिला अध्यक्षों एवं प्रांतीय पदाधिकारियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत संगठन की एकता एवं प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए सर्वसम्मति से प्रांतीय पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन किया। प्रांताध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, प्रमुख महामंत्री, महामंत्री, कोषाध्यक्ष पद पर एकल आवेदन प्राप्त होने के कारण संपूर्ण निर्वाचन निर्विरोध सम्पन्न हुआ। प्रांताध्यक्ष पद पर राजेश चटर्जी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राजेंद्र सिंह(दद्दा), उपाध्यक्ष पद पर चंद्रशेखर चंद्राकर एवं चंद्रभान सिंह निर्मलकर, प्रमुख महामंत्री सतीश ब्यौहरे, महामंत्री आकाश राय, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र चंद्राकर निर्विरोध निर्वाचित हुए। प्रांतीय प्रबंधकारिणी के गठन के लिए शेष पदाधिकारियों का मनोनयन का अधिकार आम सहमति से नव निर्वाचित प्रांतीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को दिया गया। निर्वाचन अधिकारी द्वय दीपक चौधरी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ बीके दास ने निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा करते हुए निर्वाचित पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष (उप प्रांताध्यक्ष) राजेंद्र सिंह (दद्दा) ने उपरोक्त जानकारी देते हुए कहा कि प्रांतीय प्रबंधकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन होना संगठन के भीतर आपसी समन्वय, विश्वास एवं एकजुटता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। आम सभा में प्रांताध्यक्ष राजेश चटर्जी ने ऑडिट रिपोर्ट वर्ष 2024-25 प्रस्तुत किया, जिसका अनुमोदन आमसभा में किया गया। समापन अवसर पर सभी वक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी एवं संगठन की भावी दिशा के प्रति उत्साह प्रकट करते हुए कहा हमारा संगठन ही हमारा परिवार है। यह जानकारी प्रांतीय महामंत्री आरडी तिवारी, जिला अध्यक्ष जगदलपुर डॉक्टर अखिलेश त्रिपाठी एवं प्रांतीय प्रवक्ता विधु शेखर झा ने दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *