कैरम सिंगल्स में सतीश की हैट्रिक जीत मदन और सुरेंद्र की जोड़ी सेमीफाइनल में

भास्कर न्यूज | कवर्धा सीनियर सिटीजन समिति के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सियान सदन में चल रही इंडोर खेल प्रतियोगिता का तीसरा दिन भी रोमांच से भरा रहा। वरिष्ठजनों ने कैरम, शतरंज और लूडो में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कैरम सिंगल्स में सतीश यदु ने टीएस अवस्थी को हराकर जीत दर्ज की। उन्होंने पहले बोर्ड में 14, दूसरे में 7 और तीसरे में 10 अंक लेकर लगातार तीन बोर्ड जीतकर मुकाबला अपने नाम किया। कैरम डबल्स में मदन तंबोली और सुरेंद्र कुमार नवीन की जोड़ी ने प्रकाश गुप्ता और सोम वर्मा को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। कैरम सिंगल्स का एक और मुकाबला आदित्य श्रीवास्तव और सुरेश देवांगन के बीच खेला गया, जो तीसरे दिन शुरू हुआ और चौथे दिन भी जारी रहेगा। कैरम डबल्स में कुल 7 मुकाबले होंगे: ग्रीष्मकालीन इंडोर खेल प्रतियोगिता में कैरम, लूडो और शतरंज स्पर्धा आयोजित की जा रही है। इन खेलों में सीनियर सिटीजन अपना खेल कौशल दिखा रहे हैं। कैरम सिंगल्स में सुगर सिटी और रिलिजन सिटी नामक दो पूल में कुल 14 मुकाबले होंगे। वहीं डबल्स में 7 मुकाबले होंगे। इसी तरह शतरंज प्रतियोगिता में 8 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इधर शतरंज में नरेंद्र चंद्रा ने राजेश को किया पराजित प्रतियोगिता के तीसरे दिन शतरंज में नरेंद्र चन्द्रा ने राजेश गुप्ता को हराकर जीत हासिल की। लूडो के दो मैचों में बीपी सोनी और मुरली सिंह ठाकुर ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर एक-एक अंक अर्जित किए। प्रतियोगिता की शुरुआत 17 अप्रैल 2025 को हुई थी। शुभारंभ के समय समिति के अध्यक्ष मदन तंबोली, सचिव चन्द्रहास सिंह, कोषाध्यक्ष बीपी सोनी और खेल संयोजक मुरली सिंह ठाकुर मौजूद रहे। कैरम सिंगल्स मुकाबले में मदन तंबोली ने जीत दर्ज की प्रतियोगिता के दूसरे दिन कैरम सिंगल्स के दो मुकाबले हुए। पहले में मदन तंबोली ने सुरेंद्र कुमार नवीन को हराया। दूसरा मुकाबला सोम वर्मा और राजेश गुप्ता के बीच हुआ, जिसमें सोम वर्मा 15 अंकों से हार गए। लूडो के दो मैचों में मुरली सिंह ठाकुर और नरेन्द्र चन्द्रा ने जीत दर्ज कर एक-एक अंक हासिल किए। वहीं, शतरंज प्रतियोगिता के पहले चक्र में एसएस जैन ने सुरेंद्र कुमार नवीन को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *