भास्कर न्यूज | बालोद भाजपा जिला कार्यालय में एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर बैठक हुई। मुख्य वक्ता पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि यह देश के लोकतंत्र को मजबूत करने वाला क्रांतिकारी कदम है। इससे समय, संसाधन और प्रशासनिक खर्च की बचत होगी। बार-बार चुनाव से विकास कार्य रुकते हैं। आचार संहिता लगने से योजना अटक जाती हैं। एक साथ चुनाव से यह बाधा दूर होगी। सरकार विकास कार्यों पर फोकस कर सकेगी। उन्होंने कहा कि एक साथ चुनाव से राजनीतिक स्थिरता बढ़ेगी। नीति निर्माण में दीर्घकालिक सोच आएगी। मतदाताओं में जागरूकता और उत्साह बढ़ेगा। इससे मतदान प्रतिशत भी बढ़ेगा। चुनाव आयोग और राजनीतिक दलों को बार-बार प्रचार में भारी खर्च करना पड़ता है। 2024 के लोकसभा चुनाव में 1.35 लाख करोड़ रुपए खर्च हुए। 2019 में यह खर्च 60 हजार करोड़ था। बढ़ती जनसंख्या के साथ यह खर्च और बढ़ेगा। एक साथ चुनाव से यह खर्च घटेगा। उन्होंने कहा कि एक साथ चुनाव होने पर 4.30 लाख करोड़ रुपए की बचत होगी। कहा कि यह कदम राष्ट्रहित में जरूरी है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन और नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी ने भी अपने विचार रखे। संचालन जिला महामंत्री राकेश यादव व आभार प्रदर्शन जिला संयोजक राकेश द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर पवन साहू, कृष्णकांत पवार, यज्ञदत्त शर्मा, वीरेंद्र साहू, प्रीतम साहू, अभिषेक शुक्ला, लेखराम साहू, प्रतिभा चौधरी, तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, देवेंद्र जायसवाल, अनीता कुमेटी, ठाकुर रामचंद्राकार, नरेश यदु, किशोरी साहू आदि मौजूद रहे। अधिक मेहनत से काम करें: चेमन जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में यह कदम मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक मेहनत से काम करने का आह्वान किया। वरिष्ठ नेता यशवंत जैन ने कहा कि कांग्रेस इसका विरोध कर रही है, जो समझ से परे है।


