166 निजी स्कूलों में 1326 सीटों पर प्रवेश के लिए 2004 आवेदन मिले

भास्कर न्यूज | बालोद शिक्षा के अधिकार अधिनियम आरटीई के तहत जिले के 166 निजी स्कूलों में नर्सरी, केजी वन व कक्षा पहली में प्रवेश के लिए पहले चरण में कुल 2004 आवेदन मिले हैं। जिसकी पुष्टि रविवार को शिक्षा विभाग ने की है। आवेदन मिलने के बाद नोडल के माध्यम से सत्यापन कार्य चल रहा है। सत्यापन कार्य पूरा करने 25 अप्रैल तक समय निर्धारित है। शिक्षा विभाग के अनुसार 166 निजी स्कूलों में नर्सरी, केजी वन, कक्षा पहली के कुल 1326 सीटें है। जिसमें बालोद ब्लॉक के 302, डौंडी ब्लॉक के 160, डौंडीलोहारा ब्लॉक के 274, गुंडरदेही ब्लॉक के 333 और गुरूर ब्लॉक के 257 सीटें शामिल है। शिक्षा विभाग के अनुसार पिछले साल पहले चरण में 2 हजार 204 आवेदन मिले थे। इस लिहाज से लगातार दूसरी बार 2 हजार से ज्यादा आवेदन मिले हैं। हालांकि सत्यापन के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि कितने आवेदन पात्र है और कितने अपात्र। दरअसल कई पालक एक से ज्यादा बार आवेदन कर लेते हैं। इस स्थिति में आवेदनों की संख्या बढ़ती है। कई आवेदक ऐसे होते हैं, जो अधूरी जानकारी भरकर आवेदन को ऑनलाइन सबमिट कर देते हैं। इस स्थिति में आवेदन को रिजेक्ट करने की नौबत आती है। 25 अप्रैल के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। लॉटरी व सीटों का आवंटन 1 और 2 मई को प्रस्तावित प्राप्त आवेदनों को नोडल अफसर 25 अप्रैल तक सत्यापन करेंगे। लॉटरी व सीटांे का आवंटन प्रक्रिया एक व दो मई को प्रस्तावित है। 5 से 30 मई तक स्कूल दाखिला प्रक्रिया के लिए समय निर्धारित किया गया है। यह सभी प्रक्रियाएं पहले चरण के तहत होगी। दूसरे चरण की प्रक्रिया 2 जून से शुरू होगी। आंगनबाड़ी में पढ़ रहें बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाने पालकांे ने आवेदन किया है। लॉटरी जारी होने के बाद स्पष्ट होगा कि कितने बच्चों को पहले चरण में प्रवेश का मौका मिलेगा। दो साल से 1100 से अधिक बच्चों को दाखिला मिल रहा: पिछले दो साल से 1100 से ज्यादा बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला मिल रहा है। इस बार भी यही अनुमान है। दो साल पहले जिले के 168 निजी स्कूलों में 1104 बच्चों ने प्रवेश लिया था। तब यह स्थिति 13 साल में पहली बार बनी थी। तीन साल पहले 162 निजी स्कूलों में कुल 1056 बच्चों ने प्रवेश लिया था। इसके पहले 2020 में 1016 बच्चों को प्रवेश मिला था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *