बाइक पर बाजार से लौट रहे पिता-बेटी पर गाय ने हमला कर दिया। गाय ने सींग मार कर दोनों को बाइक से गिरा दिया। इसके बाद करीब सवा मिनट तक बेटी को पैरों से रौंदती रही। पिता ने हेलमेट से गाय को रोकने की कोशिश की तो उन्हें भी सींग मार कर गिरा दिया। गुस्साई गाय ने गली के दूसरी तरफ खड़े एक अन्य युवक को भी चपेट में लिया। आसपास के लोगों ने डंडे लेकर गाय को भगाने का प्रयास किया, लेकिन गाय ने उन पर भी हमला कर दिया। घटना बीकानेर के धोबी धोरा इलाके की रविवार सुबह 10 बजे की है। पूरी घटना गली में एक मकान पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। करीब 2 मिनट 3 सेकेंड के सीसीटीवी वीडियो में नजर आ रहा है कि युवती को बचाने के लिए लोग मशक्कत कर रहे हैं। 4 तस्वीरों से समझिए पूरी घटना… पैरों तले रौंदती रही गाय
धोबी धोरा निवासी रितेश जोशी ने बताया कि यहां आज सुबह एक गाय आते-जाते लोगों को सींग मार रही थी। इसी दौरान बाजार से बाइक पर घर लौट रहे हरिशंकर शर्मा और उनकी बेटी शुचि शर्मा पर गाय ने हमला कर दिया। दोनों बाइक से गिर पड़े। इसके बाद भी गाय का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह सड़क पर पड़ी शुचि को पैरों से कुचलती रही। हमने बचाने की कोशिश की तो गाय और भड़क गई। गली के किनारे खड़े विजेंद्र को भी गाय ने सींग मारकर गिरा दिया और पैरों तले रौंदने लगी। बड़ी मुश्किल से गाय को शांत कर दोनों को प्राथमिक इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए। जानकारी के अनुसार, शुचि के हाथ और पैर में चोटें आई हैं। डॉक्टर ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। वहीं विजेंद्र का भी प्राथमिक उपचार कर घर भेजा गया। रितेश जोशी ने बताया कि इस बारे में नगर निगम अधिकारियों को भी सूचना दी गई। इसके बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग अवैध रूप से डेयरी संचालित कर रहे हैं, जो गायों को बाहर निकाल देते हैं। ये गाय कई बार लोगों पर हमला कर देती हैं।


