उत्तर भारत में जारी बर्फबारी का असर राजस्थान के नागौर जिले में भी देखने को मिल रहा है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, नागौर में सोमवार की सुबह न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले डेढ़ सप्ताह से तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम को हवाएं चल रही हैं। दिन की हवाओं में तपिश कम है, लेकिन साफ आसमान के कारण चिलचिलाती धूप पड़ रही है। नागौर जिले के पूर्वी इलाके के ग्रामीण अंचल में हल्की बादलवाही भी देखने को मिल रही है। पिछले दिनों की तुलना में हीट वेव से फिलहाल कुछ राहत मिली है, लेकिन दिनभर तेज धूप के कारण आम जनजीवन प्रभावित है। दोपहर में 12 बजे के बाद बहुत जरूरी काम होने पर ही लोग सड़कों पर निकल रहे हैं। रविवार को पूरे दिन मौसम साफ रहा, हालांकि ग्रामीण इलाकों में बादलों की आवाजाही रही। तेज धूप के बीच दिन में चलने वाली हवाओं का दौर अभी कमजोर हो गया है। सुबह-शाम हवाओं का दौर लगातार जारी है। उत्तरी हवाओं के कारण सुबह का तापमान सामान्य चल रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अब हवाओं के दबाव के कारण तापमान में हल्की गिरावट बनी रहेगी। 25 अप्रैल तक नागौर समेत पूरे प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में लगातार स्थिरता बनी रहेगी। 25 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव की संभावना है। फिलहाल दिन में तेज धूप की वजह से चिलचिलाती गर्मी महसूस की जा रही है।


